छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में शिवनंदनपुर नगर पंचायत चुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल लगातार गरमाता जा रहा है। कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन पर दर्ज आर्म्स एक्ट मामले को लेकर कांग्रेस ने बिश्रामपुर थाने के बाहर जोरदार धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। कांग्रेस इस मामले को पूरी तरह राजनीतिक साजिश बताते हुए पुलिस प्रशासन पर पक्षपातपूर्ण कार्रवाई का आरोप लगा रही है। धरना स्थल पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता मौजूद हैं, जिससे इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।
16 घंटे से धरने पर बैठे हैं दीपक बैज
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज बीते लगभग 16 घंटों से लगातार धरने पर बैठे हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के दबाव में कांग्रेस नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है। बैज ने कहा कि जब तक नरेंद्र जैन के खिलाफ दर्ज मामला वापस नहीं लिया जाता और निष्पक्ष कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन को पूरे प्रदेश स्तर तक ले जाया जाएगा।र रात पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव भी बिश्रामपुर पहुंचे और धरना स्थल पर कांग्रेस नेताओं के साथ बैठकर प्रशासन से जवाब मांगा। उन्होंने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि मामले की जांच अभी जारी है तो फिर आर्म्स एक्ट की धाराएं किस आधार पर लगाई गईं।
पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल
टीएस सिंहदेव ने कहा कि यदि किसी ने कानून तोड़ा है तो कार्रवाई होना स्वाभाविक है, लेकिन बिना ठोस आधार के गंभीर धाराएं लगाना लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावी माहौल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को दबाने और डराने की कोशिश की जा रही है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि भाजपा समर्थित शिकायत पर तुरंत कार्रवाई की गई, जबकि कांग्रेस की ओर से दिए गए आवेदन पर अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई।जानकारी के अनुसार, शिवनंदनपुर नगर पंचायत में पहली बार आम चुनाव हो रहे हैं।
चुनाव में भाजपा-कांग्रेस आमने-सामने
1 जून को होने वाले शिवनंदनपुर नगर पंचायत के पहले चुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंक दी है। दोनों दलों के बीच चुनावी मुकाबला बेहद कांटे का माना जा रहा है। स्थानीय स्तर पर प्रचार अभियान तेज है और इसी बीच दर्ज हुए मामले ने राजनीतिक माहौल को और अधिक तनावपूर्ण बना दिया है। कांग्रेस इसे चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश बता रही है, जबकि भाजपा कानून के अनुसार कार्रवाई होने की बात कह रही है।धरना स्थल पर जुटे कई दिग्गज नेता
धरना प्रदर्शन में कांग्रेस के कई बड़े नेता शामिल हो चुके हैं। कोरबा सांसद ज्योत्सना महंत, पूर्व विधायक गुलाब कमरो, अम्बिका सिंहदेव समेत संभाग के कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन को समर्थन दिया। थाने के बाहर कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ जुटी रही और कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी आज सूरजपुर दौरे पर रहेंगे।
