Awareness Campaign: ब्रह्माकुमारी बहनों ने आरंग पारा गांव व निसदा के स्कूलों में चलाया जागरूकता अभियान
Awareness Campaign: आरंग पारा गांव और निसदा के स्कूलों में ब्रह्माकुमारी बहनों ने नशामुक्ति जागरूकता अभियान चलाया। विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देकर नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई।
क
कीर्तिमान न्यूज
31 Aug 2026, 08:34 PM
आरंग
Awareness Campaign: नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने और युवाओं को इसके दुष्परिणामों से बचाने के उद्देश्य से ब्रह्माकुमारी बहनों की ओर से चलाए जा रहे नशामुक्ति प्रतिज्ञा अभियान के तहत सोमवार को आरंग पारा गांव और निसदा के स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। सरस्वती शिशु मंदिर आरंग पारा गांव और निसदा हाई स्कूल में हुए इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान ब्रह्माकुमारी बहनों ने विद्यार्थियों को नशे के शारीरिक और मानसिक नुकसान के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नशे की आदत केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित नहीं करती, बल्कि इसका असर परिवार और सामाजिक जीवन पर भी पड़ता है। खासकर कम उम्र में नशे की शुरुआत होने से पढ़ाई, स्वास्थ्य और भविष्य पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है।
नशामुक्त जीवन का लिया संकल्प जागरूकता अभियान
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की अपील की। साथ ही कहा कि बच्चे खुद नशे से दूर रहने के साथ अपने दोस्तों, परिवार और आसपास के लोगों को भी इसके खिलाफ जागरूक करें। जागरूकता कार्यक्रम के बाद विद्यार्थियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। छात्रों ने हाथ उठाकर संकल्प लिया कि वे किसी भी तरह के नशीले पदार्थ का सेवन नहीं करेंगे और अपने आसपास के लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगे।
शिक्षकों ने की पहल की सराहना
विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी अभियान की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के बीच समय रहते नशे के दुष्परिणामों को लेकर जागरूकता पैदा करना स्वस्थ और नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में अहम पहल है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में भी नशामुक्ति को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।