रायपुर जिले के अभनपुर विकासखंड के ग्राम सोनसिल्ली स्थित शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला में जर्जर भवन को लेकर शुक्रवार को ग्रामीणों, पालकों और स्कूली बच्चों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। नाराज लोगों ने स्कूल के मुख्य द्वार पर ताला लगाकर शासन-प्रशासन के खिलाफ अपनी नाराजगी जताई। बारिश के बीच प्रदर्शनकारी हाथों में मांगों से जुड़ी तख्तियां लेकर “नया स्कूल भवन दो” के नारे लगाते रहे।
बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता
ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल के दोनों भवन काफी पुराने और जर्जर हो चुके हैं। प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक स्कूल एक ही परिसर में दो पालियों में संचालित होते हैं, लेकिन भवन की हालत लगातार खराब होती जा रही है। बारिश के कारण दीवारों और छत की स्थिति और ज्यादा कमजोर हो गई है। पालकों ने आशंका जताई कि कभी भी भवन गिरने जैसी गंभीर घटना हो सकती है, जिससे बच्चों की जान खतरे में पड़ सकती है।

शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि स्कूल भवन की खराब स्थिति की जानकारी कई बार संबंधित अधिकारियों को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया। पालकों का कहना है कि बच्चों की पढ़ाई जरूरी है, लेकिन उससे पहले उनकी सुरक्षा सुनिश्चित होना चाहिए। इसी मांग को लेकर मजबूरी में उन्हें स्कूल में तालाबंदी कर आंदोलन करना पड़ा।
मांग पूरी होने नहीं खोलने की चेतावनी
ग्रामीणों और पालकों ने साफ कहा कि जब तक जर्जर भवन को हटाकर नए स्कूल भवन की व्यवस्था नहीं की जाती, तब तक स्कूल का ताला नहीं खोला जाएगा। उनका कहना है कि बच्चों को जोखिम में डालकर पढ़ाई जारी रखना संभव नहीं है। प्रदर्शन के दौरान शिक्षक भी मौके पर मौजूद रहे, लेकिन स्थिति को लेकर वे असहाय नजर आए।
बीईओ ने जल्द कार्रवाई का भरोसा
अभनपुर विकासखंड शिक्षा अधिकारी धरमचंद जैन ने बताया कि वे सोनसिल्ली पहुंचकर ग्रामीणों से चर्चा कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि जर्जर भवन को डिस्मेंटल करने के लिए जल्द आदेश जारी कराया जाएगा। साथ ही नए स्कूल भवन की स्वीकृति के लिए आवश्यक प्रक्रिया शुरू करने का प्रयास किया जाएगा।
नए भवन के प्रशासनिक पहल
अभनपुर एसडीएम रवि सिंह ने बताया कि इस मामले में विकासखंड शिक्षा अधिकारी और जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी से चर्चा की गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नए स्कूल भवन के निर्माण के लिए जल्द जरूरी प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।