बढ़ती महंगाई के मोर्चे पर आम उपभोक्ताओं के लिए आज यानी 1 जुलाई से एक बेहद राहत भरी खबर आई है। एलपीजी (LPG) के बाद अब देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी बड़ी कटौती देखने को मिली है।
देश की सबसे बड़ी निजी सेक्टर की तेल कंपनी 'नायरा एनर्जी' (Nayara Energy) ने ईंधन की कीमतों को कम करने का फैसला किया है। कंपनी द्वारा की गई इस कटौती के बाद अब पेट्रोल 5 रुपये प्रति लीटर और डीजल 3 रुपये प्रति लीटर तक सस्ता हो गया है। नई दरें आज सुबह से ही प्रभावी हो चुकी हैं।गौरतलब है कि नायरा एनर्जी के पास मौजूदा समय में देश का सबसे बड़ा प्राइवेट फ्यूल नेटवर्क है, जिसके तहत देशभर में 7,000 से अधिक पेट्रोल पंप संचालित हो रहे हैं।
सरकारी कंपनियों ने नहीं किए अभी बदलाव
कंपनी के इस फैसले का सीधा फायदा इन पंपों से तेल भरवाने वाले लाखों वाहन चालकों को मिलेगा। हालांकि, अगर आप सरकारी तेल कंपनियों (IOCL, BPCL, HPCL) के पेट्रोल पंपों से ईंधन लेते हैं, तो आपको पुरानी कीमतों पर ही तेल खरीदना होगा। सरकारी कंपनियों ने फिलहाल अपनी दरों में कोई बदलाव नहीं किया है। जानकारों की मानें तो नायरा एनर्जी द्वारा रेट कम करने का सबसे बड़ा कारण वैश्विक बाजार और मिडिल ईस्ट (मध्य पूर्व) के हालातों में सुधार होना है।
कच्चे तेल की कीमतों में आई कमी
पिछले कुछ समय से अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के चलते अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतें आसमान छू रही थीं। इसी ग्लोबल टेंशन के चलते करीब तीन महीने पहले (26 मार्च को) नायरा ने भी अपने दाम बढ़ाए थे, तब पेट्रोल में 5 रुपये और डीजल में 3 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। अब चूंकि मिडिल ईस्ट में युद्ध के बादल छंट रहे हैं और तनाव काफी कम हुआ है, जिसके चलते अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई है।ताजा रेट जानने लोकेटर की ले मदद
इसी का सीधा फायदा कंपनी ने अपने ग्राहकों तक पहुँचाया है। चूंकि पेट्रोल और डीजल पर लगने वाले स्थानीय टैक्स (VAT) और माल ढुलाई का खर्च हर राज्य और शहर में अलग-अलग होता है, इसलिए देश के विभिन्न हिस्सों में कीमतें भिन्न हो सकती हैं। अपने नजदीकी इलाके के सटीक और बिल्कुल ताजा रेट जानने के लिए आप 'नायरा एनर्जी पेट्रोल पंप लोकेटर' (Nayara Energy Petrol Pump Locator) की मदद ले सकते हैं।