राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने री-NEET परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है। इस परीक्षा में छत्तीसगढ़ के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश का नाम रोशन किया है। राज्य के दो छात्रों ने 99.99 परसेंटाइल हासिल कर संयुक्त रूप से स्टेट टॉपर बनने का गौरव हासिल किया है।
छत्तीसगढ़ के शिपराक गोयल और चार्वी अग्रवाल ने री-NEET परीक्षा में 99.9930996 परसेंटाइल अंक प्राप्त किए हैं। दोनों छात्रों की इस उपलब्धि को देखते हुए उन्हें प्रदेश का संयुक्त स्टेट टॉपर घोषित किया गया है।
शिपराक ने हासिल की ऑल इंडिया 117वीं रैंक
री-NEET परीक्षा में शिपराक गोयल ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए देशभर में 117वीं रैंक हासिल की है। उनकी इस सफलता ने न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी प्रदेश की प्रतिभा को पहचान दिलाई है। वहीं, छात्रा चार्वी अग्रवाल ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 99.9930996 परसेंटाइल हासिल किया और ऑल इंडिया 136वीं रैंक प्राप्त की। दोनों ही छात्रों ने अनारक्षित (UR) श्रेणी से यह सफलता हासिल की है।समान अंक, लेकिन अलग-अलग रही रैंक
एनटीए के परिणाम के अनुसार शिपराक और चार्वी दोनों के परसेंटाइल अंक समान रहे, लेकिन टाई-ब्रेकिंग नियमों के आधार पर दोनों की ऑल इंडिया रैंक अलग-अलग रही। इसके बावजूद दोनों को छत्तीसगढ़ का संयुक्त स्टेट टॉपर घोषित किया गया। दोनों छात्रों की सफलता ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि छत्तीसगढ़ के विद्यार्थी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। NEET परीक्षा में पेपर लीक की शिकायतों के बाद प्रभावित छात्रों के लिए 21 जून को री-NEET परीक्षा आयोजित की गई थी। इसका परिणाम 16 जुलाई की देर रात जारी किया गया।