Bagbahara News: तीर्थ यात्रा योजना के तहत महासमुंद जिले के बागबाहरा जनपद पंचायत क्षेत्र के श्रद्धालुओं का जत्था गुजरात के प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों सोमनाथ और नागेश्वर धाम के दर्शन के लिए रवाना हुआ। जनपद पंचायत परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों ने तीर्थयात्रियों के वाहन को हरी झंडी दिखाकर विदा किया। इस दौरान सभी ने श्रद्धालुओं की सुखद और सुरक्षित यात्रा की कामना की।
जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
तीर्थयात्रियों को विदाई देने के लिए आयोजित कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष केशव नायकराम चंद्राकर, नगर पालिका अध्यक्ष खिलेश्वरी ताम्रध्वज बघेल, जिला पंचायत महासमुंद उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर, महिला एवं बाल विकास सभापति मधुलिका गणेश चंद्राकर, जनपद सदस्य भूपेंद्र मोंटू दीवान, पार्षद शैलेष साहू, बागबाहरा मंडल अध्यक्ष डिंपल डाली ध्रुव, कोमाखान मंडल अध्यक्ष रूपेश साहू, किसान मोर्चा अध्यक्ष पिलेश्वर पटेल और पूर्व सरपंच रिंकू चेतन चंद्राकर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

तीर्थयात्रा योजना से श्रद्धालुओं को मिल रहा लाभ
इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष केशव चंद्राकर ने कहा कि तीर्थयात्रा योजना श्रद्धालुओं और वरिष्ठजनों को देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कराने की अच्छी पहल है। कई लोगों के लिए दूर स्थित तीर्थस्थलों तक खुद पहुंचना आसान नहीं होता। ऐसे में यह योजना उन्हें अपनी धार्मिक आस्था पूरी करने और आध्यात्मिक शांति पाने का अवसर दे रही है।
उन्होंने कहा कि सोमनाथ और नागेश्वर धाम के दर्शन से यात्रियों को आध्यात्मिक आनंद और आत्मिक संतोष मिलेगा।
सोमनाथ और नागेश्वर धाम के दर्शन को लेकर उत्साह
गुजरात स्थित सोमनाथ मंदिर भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों में शामिल है। वहीं नागेश्वर धाम भी प्रमुख शिव तीर्थस्थलों में से एक है। इन दोनों धार्मिक स्थलों के दर्शन के लिए रवाना हुए श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के अंत में जनप्रतिनिधियों ने सभी यात्रियों की सुरक्षित यात्रा और सकुशल वापसी की कामना की।










