Balaji Medical College Raipur: रायपुर के पंडरी थाना क्षेत्र स्थित बालाजी मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल में MBBS थर्ड ईयर के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक छात्र की पहचान राजस्थान के अजमेर निवासी 21 वर्षीय विनायक सैनी के रूप में हुई है। शुक्रवार रात उसकी लाश हॉस्टल की तीसरी मंजिल पर रहने वाले उसके दोस्त के कमरे से बरामद हुई।
जानकारी के अनुसार, विनायक हॉस्टल की चौथी मंजिल पर रहता था। घटना वाले दिन वह घर से वापस कॉलेज लौटा था। इसके बाद वह अपने दोस्त के कमरे में चला गया। बताया जा रहा है कि उसका दोस्त भी दो दिन पहले ही घर से लौटकर आया था।
खाना खाने बाहर गया दोस्त, लौटने पर मिली लाश
पुलिस के मुताबिक, रात करीब 9 बजे विनायक का दोस्त खाना खाने के लिए कमरे से बाहर गया था। कुछ समय बाद जब वह वापस लौटा तो उसने विनायक को बेड पर औंधे मुंह पड़ा देखा। इसके बाद उसने अन्य छात्रों की मदद से तुरंत उसे बालाजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पंडरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हॉस्टल के कमरे की जांच शुरू की।
कमरे से बरामद हुई नशीली दवा और इंजेक्शन
पुलिस जांच के दौरान कमरे से कुछ नशीली दवाएं और इंजेक्शन मिलने की बात सामने आई है। शुरुआती जांच में एनेस्थीसिया में इस्तेमाल होने वाली फेंटानिल दवा मिलने की जानकारी भी सामने आई है। हालांकि, पुलिस ने अभी यह पुष्टि नहीं की है कि विनायक ने इन दवाओं का सेवन किया था या नहीं। छात्र की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।दोस्तों से पूछताछ, आत्महत्या के एंगल से भी जांच
पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ा दी है। विनायक के दोस्तों और आसपास मौजूद छात्रों से पूछताछ की जा रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि घर से लौटने के बाद उसकी गतिविधियां कैसी थीं और घटना से पहले क्या परिस्थितियां बनीं। इसके अलावा पुलिस यह भी जांच कर रही है कि छात्र ने किसी नशीली दवा का सेवन किया था या नहीं। मामले में आत्महत्या के पहलू को भी ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
