Bank of India News: मध्य प्रदेश के धार जिले की बाग स्थित बैंक ऑफ इंडिया शाखा में करीब 45 लाख रुपए कैश कम मिलने का मामला सामने आया है। इस मामले में बैंक प्रबंधन की शिकायत पर कैशियर हितेश निंगवाल के खिलाफ पुलिस ने धोखाधड़ी और गबन की धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी कैशियर को रिमांड पर लिया गया है। जानकारी के अनुसार, कैशियर हितेश निंगवाल बैंक के लॉकर की चाबियां अपने साथ लेकर चला गया था।
इसके बाद बैंक अधिकारियों ने क्षेत्रीय कार्यालय से लॉकर की डुप्लीकेट चाबी मंगवाई। मंगलवार को इसी चाबी की मदद से लॉकर खोला गया और अंदर रखी नकदी व दस्तावेजों की जांच की गई। जांच के दौरान बैंक में करीब 45 लाख रुपए की नकदी कम पाई गई। बैंक प्रबंधन के मुताबिक शनिवार की बैलेंस राशि में भी 45 लाख रुपए की कमी सामने आई थी। इसके बाद पूरे मामले की जांच शुरू की गई।
बैंक अधिकारियों ने दिनभर की जांच
सोमवार को बैंक शाखा में एलडीएम बलराम बैरागी सहित अन्य अधिकारियों ने पहुंचकर रिकॉर्ड और नकदी से जुड़े दस्तावेजों की जांच की। जांच पूरी होने के बाद बैंक प्रबंधक की ओर से बाग थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कैशियर हितेश निंगवाल के खिलाफ धोखाधड़ी और गबन की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया। बताया जा रहा है कि कैशियर ने बैंक अधिकारियों के सामने सरेंडर किया था, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर रिमांड पर लिया है।पुलिस कर रही मामले की जांच
एएसपी विजय डाबर के अनुसार, कैशियर लॉकर की चाबियां लेकर चला गया था। डुप्लीकेट चाबी से लॉकर खोलने के बाद बैंक में 45 लाख रुपए की नकदी कम मिलने की जानकारी सामने आई। पुलिस अब बैंक के रिकॉर्ड, कैश बैलेंस और अन्य दस्तावेजों की जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के तथ्यों के आधार पर की जाएगी।

