Bhanpur bear rescue: पिछले दो दिनों से रहवासी क्षेत्र में घूम रहे भालू को बुधवार शाम वन विभाग की टीम ने आरएन राइस मिल के गार्डन से बाहर निकालकर खुले क्षेत्र की ओर खदेड़ा। करीब एक घंटे तक राइस मिल परिसर में इधर-उधर घूमने के बाद वनकर्मियों ने सावधानीपूर्वक उसे बाहर निकाला और एनएच मार्ग पार कर रेलवे पटरी के दूसरी ओर पहुंचाया। आखिरकार भालू रहवासी क्षेत्र से निकलकर खुले क्षेत्र की ओर चला गया, जहां से उसके जंगल की ओर जाने की संभावना है। भालू के आबादी क्षेत्र से बाहर निकलने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
लोकेशन तलाशते हुए राइस मिल पहुंची टीम
भालू की लगातार मौजूदगी की सूचना के बाद वन विभाग की टीम उसकी लोकेशन तलाशते हुए मेन रोड स्थित जनपद कार्यालय के सामने आरएन राइस मिल पहुंची। राइस मिल प्रबंधन ने वनकर्मियों को गार्डन के अंदर भालू के बैठे होने की जानकारी दी। इसके बाद टीम ने उसे सुरक्षित बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू की।
एक घंटे तक परिसर में घूमता रहा
गार्डन में मौजूद भालू को बाहर निकालने में वनकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब एक घंटे तक भालू राइस मिल परिसर में इधर-उधर घूमता रहा। टीम ने भीड़ को दूर रखते हुए सावधानी से उसे परिसर से बाहर निकाला। इस दौरान राइस मिल में किसी प्रकार के नुकसान की जानकारी नहीं मिली।
सड़क रोककर कराया एनएच पार
राइस मिल परिसर से बाहर निकलने के बाद भालू को आबादी से दूर ले जाने के लिए वन विभाग ने सड़क पर आवाजाही रोक दी। इसके बाद वनकर्मियों ने भालू को एनएच मार्ग पार कराया और रेलवे पटरी के पार खुले क्षेत्र की ओर ले गए। वहां से भालू जंगल की दिशा में चला गया।दो दिनों से आबादी क्षेत्र में था भालू
भानपुर में पिछले दो दिनों से भालू की लगातार मौजूदगी से लोगों में दहशत बनी हुई थी। बुधवार सुबह करीब 6.30 बजे भी वह बस्ती के बीच दिखाई दिया था। इससे पहले वह नगर पालिका परिसर, शीतला मंदिर, तुरियानंद आश्रम स्थित शिव मंदिर और गणेश पंडाल के आसपास भी नजर आया था। अलग-अलग स्थानों पर भालू के दिखाई देने से लोग सतर्क रहे।
वन विभाग ने की सावधानी बरतने की अपील
भालू को रहवासी क्षेत्र से बाहर किए जाने के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि भालू दिखाई देने पर उसके पास न जाएं और उसे भगाने या परेशान करने का प्रयास न करें। भालू की सूचना तत्काल वन विभाग को दें, ताकि उसे सुरक्षित रूप से जंगल की ओर पहुंचाया जा सके।

