अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत महासमुंद पुलिस और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स (एएनटीएफ) को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने कटहल की खेप के नीचे छिपाकर उत्तर प्रदेश ले जाए जा रहे 125.700 किलोग्राम गांजा को जब्त किया है। इस कार्रवाई में दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 62 लाख 85 हजार रुपये आंकी गई है, जबकि वाहन और अन्य सामान सहित कुल जब्त संपत्ति का मूल्य करीब 70 लाख 93 हजार रुपये बताया गया है।
पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से एक पिकअप वाहन में कटहल लोड कर उसके नीचे बड़ी मात्रा में गांजा छिपाकर उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना सिंघोड़ा क्षेत्र स्थित रेहटीखोल अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट पर सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया गया। इसी दौरान संदिग्ध टाटा माजदा पिकअप वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली गई।
कटहल के नीचे छिपी मिली चार बोरियों में गांजा
वाहन की गहन जांच के दौरान पुलिस को कटहल की खेप के नीचे छिपाकर रखी गई चार प्लास्टिक बोरियां मिलीं। बोरियों की तलाशी लेने पर उनमें कुल 125.700 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही गांजा जब्त कर वाहन को अपने कब्जे में ले लिया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने गांजा तस्करी में संलिप्त होने की बात स्वीकार की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धीरेंद्र कुमार गौतम (42 वर्ष), निवासी करछना, जिला प्रयागराज तथा लवकुश गौतम (22 वर्ष), निवासी बारा, जिला प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि गांजा ओडिशा के बलांगीर जिले से लाकर प्रयागराज और आसपास के क्षेत्रों में खपाने की योजना थी। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटा रही है।
70.93 लाख रुपये की संपत्ति जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 125.700 किलोग्राम गांजा, एक टाटा माजदा पिकअप वाहन तथा एक मोबाइल फोन जब्त किया है। पुलिस के अनुसार जब्त गांजे की कीमत 62.85 लाख रुपये, वाहन की कीमत लगभग 8 लाख रुपये तथा मोबाइल फोन की कीमत 8 हजार रुपये आंकी गई है। इस प्रकार कुल 70 लाख 93 हजार रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) एक्ट की धारा 20 (बी)(सी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
ओडिशा सीमा पर बढ़ाई गई निगरानी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ओडिशा सीमा से लगे अंतर्राज्यीय चेक पोस्टों के साथ-साथ जिले के अंदरूनी मार्गों पर भी लगातार निगरानी और जांच अभियान चलाया जा रहा है। तस्करों द्वारा नई-नई तरकीबें अपनाकर मादक पदार्थों की तस्करी करने के प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन पुलिस की सतर्कता के चलते ऐसे प्रयास लगातार विफल हो रहे हैं। महासमुंद पुलिस के अनुसार हाल के महीनों में तस्करों ने एम्बुलेंस, फल-सब्जियों से भरे वाहनों तथा अन्य व्यावसायिक परिवहन साधनों की आड़ में गांजा और अन्य मादक पदार्थों की तस्करी करने की कोशिश की थी। पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए कई मामलों में बड़ी खेप जब्त की है।
तस्करी नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने की तैयारी
पुलिस का कहना है कि केवल वाहक और परिवहनकर्ताओं पर ही नहीं, बल्कि गांजा सप्लाई करने वाले स्रोत, वित्तीय मददगारों और खरीददारों तक पहुंचने के लिए भी जांच तेज कर दी गई है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी और अधिक सख्ती के साथ जारी रहेगा तथा पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए व्यापक कार्रवाई की जाएगी।