सुरक्षाबलों ने बीजापुर के घने जंगलों में नक्सल विरोधी अभियान चलाकर बड़ी सफलता हासिल की है। संयुक्त टीम ने एंड्री गांव के जंगल से नक्सलियों के 8 छिपे हुए डंप बरामद किए हैं। इस ऑपरेशन में सीआरपीएफ की 199वीं बटालियन, 202 कोबरा और जिला पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही।
विस्फोटक समेत सामान जब्त
अभियान के दौरान सुरक्षाबलों को नक्सलियों के छिपाए गए ठिकानों से बड़ी मात्रा में सामान मिला। तलाशी में आईईडी बनाने की सामग्री, डेटोनेटर, कॉर्डेक्स वायर और विस्फोटक बरामद किए गए। इसके अलावा रेडियो सेट, मेडिकल सामग्री, इलेक्ट्रिक उपकरण और नक्सली उपयोग की अन्य चीजें भी जब्त की गईं। कुल 69 प्रकार की सामग्री सुरक्षा बलों के हाथ लगी है।
हमले की तैयारी का सामान बरामद
अधिकारियों के मुताबिक बरामद सामग्री का इस्तेमाल नक्सली भविष्य में बड़े हमलों की तैयारी के लिए कर सकते थे। सुरक्षा बलों की इस कार्रवाई से नक्सल नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है और उनके मंसूबों पर पानी फिर गया है। एंड्री और आसपास का इलाका पहले नक्सलियों के मजबूत प्रभाव वाले क्षेत्रों में गिना जाता था।नक्सलमुक्त अभियान जारी
लगातार चलाए जा रहे सुरक्षा अभियानों के बाद अब यहां नक्सली गतिविधियों में काफी कमी आई है। ग्रामीणों में भी सुरक्षा को लेकर विश्वास बढ़ रहा है और क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिल रही है। सुरक्षाबलों ने साफ किया है कि खुफिया सूचनाओं के आधार पर नक्सल विरोधी अभियान लगातार जारी रहेंगे। जवानों का लक्ष्य क्षेत्र को पूरी तरह नक्सल मुक्त बनाना है, ताकि स्थानीय लोगों को सुरक्षित माहौल मिले और विकास की राह और मजबूत हो सके।