Bilaspur Murder Case: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में गणेश उत्सव के दौरान एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम संबलपुरी में गणेश पंडाल के पास DJ साउंड बढ़ाने को लेकर हुए विवाद में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि नशे में धुत युवक ने दूसरे युवक के सीने पर चाकू से कई वार कर दिए। घटना के बाद गंभीर रूप से घायल युवक को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है।
DJ साउंड को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, सोमवार (14 सितंबर) शाम ग्राम संबलपुरी में राशन दुकान के सामने गणेश पंडाल लगाया गया था। इसी दौरान वहां अमन सूर्यवंशी (23) और आकाश सूर्यवंशी (22) मौजूद थे। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच DJ की आवाज बढ़ाने को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो धीरे-धीरे विवाद में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद बढ़ने के बाद दोनों के बीच झगड़ा हो गया। इसी दौरान अमन ने अपने पास रखे चाकू से आकाश पर हमला कर दिया।
सीने पर किए कई वार, अस्पताल पहुंचने से पहले बिगड़ी हालत
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने आकाश के सीने पर चाकू से 4 से 5 बार वार किए। हमले में आकाश गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। पंडाल के आसपास मौजूद लोगों में घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल भेजा गया। हालांकि, हालत गंभीर होने के कारण उसकी जान नहीं बच सकी।आरोपी युवक गिरफ्तार, नशे की लत की भी जांच
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी अमन सूर्यवंशी को हिरासत में ले लिया। पुलिस पूछताछ में विवाद की वजह और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी नशे का आदी है और पहले भी उसे नशामुक्ति केंद्र भेजा जा चुका है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है। CSP सिविल लाइन परमेश्वर तिलकवार ने बताया कि आरोपी युवक को उसके परिवार वालों ने पहले भी कई बार नशामुक्ति केंद्र भेजा था, लेकिन उसकी नशे की आदत नहीं छूटी। मामले में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। वहीं, मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

