शहर के घमापुर चौक के पास रविवार शाम पुरानी रंजिश ने भयावह रूप ले लिया। बातचीत के बहाने बुलाकर दो सगे भाइयों पर बीच सड़क चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया। इस हमले में एक भाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया और परिजनों ने सड़क जाम कर पुलिस थाने का घेराव किया। मिली जानकारी के अनुसार, सावन नाम के युवक ने रविवार शाम करीब साढ़े पांच बजे पुराने विवाद को सुलझाने के बहाने विशाल को अपने घर के पास बुलाया।
बहस बढ़ी, चाकू से अंधाधुंध वार
विशाल अपने 28 वर्षीय छोटे भाई अंकित सोनकर के साथ वहां पहुंचा। मौके पर सावन अपने दो साथियों—साहिल सोनकर और प्रियांश रैकवार के साथ पहले से घात लगाए बैठा था। बातचीत शुरू होते ही दोनों पक्षों में बहस बढ़ गई। इसी दौरान सावन ने अचानक चाकू निकालकर विशाल पर अंधाधुंध वार करना शुरू कर दिया। विपाल पर हमला होते देख जब छोटा भाई अंकित उसे बचाने के लिए आगे बढ़ा, तो आरोपियों ने उस पर भी चाकुओं से हमला कर दिया।
अंकित की हालत नाजुक
इस मारपीट और बीच-बचाव के दौरान मुख्य आरोपी सावन और उसका साथी प्रियांश भी घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही बेलबाग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल भिजवाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद विशाल को मृत घोषित कर दिया, जबकि अंकित की हालत नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज एक निजी अस्पताल में जारी है। दिनदहाड़े बीच सड़क पर हुई इस वारदात से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।आरोपी साहिल मौके से फरार
घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। देखते ही देखते सड़क पर जाम लग गया। हंगामे का फायदा उठाकर आरोपी साहिल सोनकर मौके से फरार होने में कामयाब रहा। रात में बड़ी संख्या में लोग बेलबाग थाने पहुंचे और जमकर प्रदर्शन किया। लोगों ने फरार आरोपी की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की, जिससे देर रात तक क्षेत्र में तनाव का माहौल बना रहा।
गिरफ्तारी के लिए ठिकानों पर दबिश
पुलिस ने घायल आरोपी सावन और प्रियांश का विक्टोरिया अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराने के बाद उन्हें हिरासत में ले लिया है। बेलबाग पुलिस का कहना है कि दोनों से पूछताछ की जा रही है, वहीं फरार साहिल की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।