BRICS Summit 2026: बिजनेस फोरम में पीएम मोदी ने कहा- BRICS देश इनोवेशन और समाधान के बड़े केंद्र बन रहे हैं, भारत विकास और स्थिरता का भरोसेमंद भागीदार है। नई दिल्ली में आयोजित BRICS Business Forum के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि BRICS देश आज वैश्विक अर्थव्यवस्था और नवाचार के महत्वपूर्ण केंद्र बनकर उभर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन देशों में जमीनी स्तर के प्रयासों से लेकर अत्याधुनिक तकनीक तक नई संभावनाएं विकसित हो रही हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि वर्ष 2006 में शुरू हुआ BRICS समूह अब एक बड़े वैश्विक मंच में बदल चुका है। शुरुआत में इसमें चार देश शामिल थे, लेकिन वर्तमान में BRICS और उसके साझेदार देशों को मिलाकर यह परिवार 21 देशों तक पहुंच गया है।
दुनिया की आधी आबादी BRICS देशों में
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज BRICS देश दुनिया की करीब 50 प्रतिशत आबादी, लगभग 40 प्रतिशत वैश्विक GDP और 25 प्रतिशत से अधिक अंतरराष्ट्रीय व्यापार का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में जहां वैश्विक GDP में करीब डेढ़ गुना वृद्धि हुई है, वहीं BRICS देशों की संयुक्त GDP लगभग साढ़े चार गुना बढ़ी है। यह दर्शाता है कि BRICS की आर्थिक ताकत तेजी से बढ़ रही है।
G7 देशों का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि वैश्विक आर्थिक विकास में BRICS देशों की भूमिका लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि बड़ी आबादी और मजबूत घरेलू बाजार इन देशों की सबसे बड़ी ताकत हैं।
भारत में आयोजित फोरम अब तक का सबसे बड़ा
पीएम मोदी ने कहा कि BRICS देश अब वैश्विक स्तर पर इनोवेशन और समाधान उपलब्ध कराने वाले केंद्र बन रहे हैं। भारत में आयोजित यह BRICS Business Forum अब तक का सबसे बड़ा फोरम है। उन्होंने भारत की BRICS अध्यक्षता की थीम 'Building for Resilience, Innovation, Cooperation and Sustainability' का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत ने पिछले वर्षों में अपनी आर्थिक और व्यापार नीतियों में इन सिद्धांतों को अपनाया है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत ने ऊर्जा से लेकर तकनीक तक अपनी सप्लाई चेन को मजबूत और विविध बनाया है। इसी वजह से वैश्विक चुनौतियों के बीच भी भारत विकास और स्थिरता का भरोसेमंद केंद्र बनकर उभरा है।
पुतिन ने BRICS को बताया विकास का इंजन
BRICS Business Forum के लीडर्स सेशन में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भी संबोधन किया। उन्होंने कहा कि GDP के मामले में BRICS अब G7 देशों से आगे निकल चुका है। पुतिन ने कहा कि दुनिया की अर्थव्यवस्था में बड़े बदलाव हो रहे हैं और विकास के नए केंद्र उभर रहे हैं। उन्होंने BRICS देशों को वैश्विक विकास का नया इंजन बताया।
