CG News: कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर में रविवार सुबह दर्दनाक हादसे में 13 वर्षीय बालक की जान चली गई। ग्राम पंडरीपानी के पास यात्री ट्रेन की चपेट में आने से अमन कुलदीप की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और उसे परिजनों को सौंप दिया। इसी के साथ ही मामले की जांच शुरु कर दी।
ट्रेन की चपेट में आने से गई जान
यह पूरा मामला भानुप्रतापपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंडरीपानी का है। मृतक की पहचान अमन कुलदीप के रूप में हुई है। रविवार सुबह अंतागढ़ से रायपुर की ओर जा रही यात्री ट्रेन जब गांव के पास से गुजर रही थी, तभी अमन ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
आखिरी बार दोस्तों के साथ दिखा था अमन
बताया जा रहा है कि ग्राम पंडरीपानी में राम सप्ताह कार्यक्रम का आयोजन चल रहा था। बताया जा रहा है कि अमन को शनिवार और रविवार की दरमियानी रात करीब 3 बजे तक कार्यक्रम स्थल पर अपने दोस्तों के साथ देखा गया था। इसके बाद वह रेलवे पटरी तक कैसे पहुंचा और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद भानुप्रतापपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस हादसे से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि बालक किन परिस्थितियों में ट्रेन की चपेट में आया।परिवार का इकलौता बेटा था अमन
अमन की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बताया जा रहा है कि वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। जिस घर में कुछ समय पहले तक खुशियां थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।






