Kanker Crime News: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले से एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक नाबालिग के साथ दुष्कर्म और उसके बाद अवैध गर्भपात कराने का आरोप लगा है। मामले की जानकारी मिलने के बाद नाबालिग के परिजनों ने पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार यह पूरा मामला कांकेर कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक आरोपी अरमान मेमन (22) पर आरोप है कि उसने नाबालिग के साथ कई बार दुष्कर्म किया।
बताया जा रहा है कि जब नाबालिग के मासिक धर्म में देरी हुई तो आरोपी ने इसकी जांच कराई।
पुलिस के अनुसार गर्भ ठहरने की जानकारी मिलने के बाद आरोपी ने एक निजी क्लीनिक में अवैध तरीके से गर्भपात कराया। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने पुलिस से संपर्क किया और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
आरोपी के खिलाफ केस दर्ज
शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी अरमान मेमन को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
