CG News: छत्तीसगढ़ में अपनी मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे पटवारियों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। बिलासपुर और बीजापुर में हड़ताल में शामिल पटवारियों पर अलग-अलग कार्रवाई की गई है। बिलासपुर में 229 पटवारियों की हड़ताल अवधि को ‘ब्रेक इन सर्विस’ घोषित करने की कार्रवाई की गई है। वहीं, 8 पटवारियों को निलंबित किया गया है और एक के खिलाफ विभागीय जांच शुरू की गई है। उधर, बीजापुर में भी 4 पटवारियों को निलंबित कर दिया गया है।
बिलासपुर में 229 पटवारियों को कारण बताओ नोटिस
बिलासपुर जिले में पटवारी 13 अक्टूबर 2026 से प्रांतीय संगठन के आह्वान पर अनिश्चितकालीन हड़ताल कर रहे हैं। इस वजह से राजस्व और भूमि अभिलेख से जुड़े कामकाज प्रभावित हो रहे हैं। आगामी धान खरीदी को देखते हुए प्रशासन ने हड़ताल को गंभीरता से लिया है। जिला प्रशासन ने हड़ताल में शामिल सभी 229 पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इसके साथ ही 8 पटवारियों को निलंबित कर दिया गया है, जबकि एक के खिलाफ विभागीय जांच शुरू की गई है। प्रशासन ने ‘काम नहीं तो वेतन नहीं’ के सिद्धांत के तहत 102 पटवारियों का वेतन रोकने की कार्रवाई भी की है। प्रशासनिक आंकड़ों के मुताबिक, बिलासपुर जिले में पटवारियों के कुल 248 पद स्वीकृत हैं। 12 नवंबर तक इनमें से 229 पटवारी हड़ताल पर थे और केवल 4 पटवारी ही काम कर रहे थे। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने पूरी कार्रवाई का प्रतिवेदन आयुक्त भू-अभिलेख, छत्तीसगढ़ को भेज दिया है।
बीजापुर में 4 पटवारी निलंबित, 66 को नोटिस
बिलासपुर के बाद बीजापुर जिला प्रशासन ने भी हड़ताल को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। यहां हड़ताल कर रहे 66 पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इनमें से 4 पटवारियों को निलंबित किया गया है। इसके अलावा तहसील उसूर के 12 पटवारियों की 13 अक्टूबर 2026 से हड़ताल समाप्त होने तक की अवधि को ‘ब्रेक इन सर्विस’ घोषित करने की कार्रवाई की गई है। कलेक्टर कार्यालय की भू-अभिलेख शाखा के अनुसार, जिले में कुल 66 पटवारी हड़ताल में शामिल हैं, जबकि 17 पटवारी हड़ताल से अलग रहकर अपनी सेवाएं दे रहे हैं।धान खरीदी से पहले बढ़ सकती हैं प्रशासन की मुश्किलें
प्रदेश में धान खरीदी का सीजन नजदीक है। ऐसे में पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनती जा रही है। राजस्व संबंधी दस्तावेज, भूमि अभिलेख और किसानों से जुड़े कई जरूरी काम पटवारी स्तर पर किए जाते हैं। ऐसे में हड़ताल लंबी खिंचने पर इन सेवाओं का असर धान खरीदी की तैयारियों पर भी पड़ सकता है। बिलासपुर और बीजापुर में हुई कार्रवाई से पटवारी आंदोलन पर प्रशासनिक दबाव बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं। हालांकि, अब देखना होगा कि इस कार्रवाई के बाद पटवारी संगठन और प्रशासन के बीच गतिरोध खत्म होता है या आंदोलन आगे भी जारी रहता है।











