CJP protest violence: देश की राजधानी में पिछले महीने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा का मामला एक बार फिर गरमा गया है। प्रदर्शन के दौरान पीड़ित संजय कुमार और उनके पिता पर हुए हमले के मुख्य आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज का एक नया वीडियो सामने आया है। एक पॉडकास्ट के दौरान स्वतंत्र ने खुद यह कबूल किया कि उसने ही पीड़ित का सिर फोड़ा था। इतना ही नहीं, उसने वीडियो में दावा किया कि पुलिस कस्टडी से उसे छुड़ाने में कई बड़े नेताओं ने मदद की थी। इस वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होते ही CJP कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा।
प्रतिनिधियों के बीच करीब तीन घंटे तक मैराथन बैठक
पार्टी कार्यकर्ताओं ने दिल्ली पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए थाने के बाहर करीब तीन घंटे तक जमकर नारेबाजी और प्रदर्शन किया। बढ़ते तनाव को देखते हुए पुलिस अधिकारियों और CJP प्रतिनिधियों के बीच करीब तीन घंटे तक मैराथन बैठक हुई। प्रदर्शनकारियों के दबाव के आगे आखिरकार पुलिस को झुकना पड़ा। पुलिस प्रशासन ने CJP की मांगें मानते हुए आधिकारिक आश्वासन दिया है कि आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ गंभीर धाराओं समेत SC/ST एक्ट के तहत मामला दर्ज किया जाएगा और अगले 72 घंटों के भीतर उसकी गिरफ्तारी की जाएगी।
पुलिस ने नहीं उठाया ठोस कदम
मामले पर कड़ा रुख अपनाते हुए CJP के प्रवक्ता सौरव दास ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, "संजय कुमार पर हुए जानलेवा हमले के मामले में FIR पहले ही दर्ज हो चुकी थी। इसके बावजूद डेढ़ महीने से ज्यादा का वक्त बीत जाने पर भी पुलिस ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। आरोपी खुलेआम घूम रहा है और खुद जुर्म कबूल कर रहा है। हम निशू और उनके पिता के साथ मजबूती से खड़े हैं और पुलिस से मांग करते हैं कि इस मामले में हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया जाए।" यह पूरा विवाद जुलाई महीने का है, जब जंतर-मंतर पर CJP का विरोध प्रदर्शन चल रहा था।राहुल गांधी से मदद की गुहार
इस प्रदर्शन में शामिल हुई निशू आजाद के पिता संजय कुमार पर कथित तौर पर बेरहमी से हमला किया गया था, जिससे उनके सिर पर गंभीर चोटें आई थीं। घटना के तुरंत बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज को शुरुआती पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया था। अब सामने आए नए वीडियो में आरोपी न सिर्फ हमले की बात मान रहा है, बल्कि उसने कपिल मिश्रा और चिराग पासवान जैसे बड़े राजनीतिक चेहरों का नाम लेते हुए उन्हें अपना 'भाई' बताया है। वीडियो सामने आने के बाद पीड़ित निशू आजाद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (ट्विटर) पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी को टैग करते हुए मदद की गुहार लगाई।
राहुल गांधी ने न्याय दिलाने जताया भरोसा
राहुल गांधी ने भी त्वरित संज्ञान लेते हुए निशू के ट्वीट का जवाब दिया और उसे न्याय दिलाने का पूरा भरोसा जताया। राहुल गांधी ने कहा कि वे इस लड़ाई में निशू और उनके परिवार के साथ अंत तक खड़े रहेंगे। दूसरी ओर, इस पूरे घटनाक्रम पर दिल्ली पुलिस का बयान भी सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान हुई झड़प में एक शख्स के हाथ में पहने कड़े से संजय कुमार के सिर पर चोट लग गई थी। घटना के बाद संजय को तुरंत आरएमएल (RML) अस्पताल ले जाया गया था।धारदार हथियार से हमले की पुष्टि नहीं
पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट में डॉक्टरों ने चोट को 'सामान्य' प्रकृति का बताया है और किसी भी तरह के धारदार हथियार से हमले की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का दावा है कि मामले की विधिक जांच जारी है और नए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

