कांग्रेस का हल्लाबोल : EOW कार्रवाई के विरोध में महासमुंद में प्रदर्शन, पीएम-सीएम का पुतला फूंका
महासमुंद में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने EOW द्वारा रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया।
क
कीर्तिमान न्यूज
11 Jul 2026, 07:28 AM
महासमुंद
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार द्वारा केंद्रीय जांच एजेंसियों और राज्य की सुरक्षा एजेंसियों के लगातार दुरुपयोग के विरोध में छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने मोर्चा खोल दिया है।
इसी कड़ी में आज महासमुंद जिला मुख्यालय में खल्लारी विधायक एवं कांग्रेस जिलाध्यक्ष द्वारकाधीश यादव तथा शहर कांग्रेस अध्यक्ष गुरमीत चावला के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र की मोदी सरकार और राज्य की साय सरकार के खिलाफ उग्र प्रदर्शन करते हुए प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया।
राजनीतिक द्वेष के तहत हो रही कार्रवाई
यह राष्ट्रव्यापी और प्रदेशव्यापी आक्रोश छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल की ईओडब्ल्यू (EOW) द्वारा की गई गिरफ्तारी के बाद फूट पड़ा है। पुतला दहन के दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विधायक द्वारकाधीश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार पूरी तरह से राजनीतिक द्वेष की भावना से काम कर रही है। विपक्ष लोकतांत्रिक तरीके से भाजपा से लड़ने का काम करती है मगर भाजपा जांच एजेंसियों के दम पर विपक्ष की आवाज को दबाना चाहती है।
विरोध प्रदर्शन विपक्ष को प्रताड़ित करने का चल रहा सिलसिला
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि देश और प्रदेश में विपक्षी नेताओं को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। बिना किसी पुख्ता सबूत के सिर्फ राजनीतिक लाभ लेने के लिए नेताओं को प्रताड़ित करने का सिलसिला जारी है। रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी इसी दमनकारी नीति का हिस्सा है, जिसे कांग्रेस का एक भी कार्यकर्ता बर्दाश्त नहीं करेगा।
सड़क से लेकर सदन तक कांग्रेस अपनी लड़ाई जारी रखेगी
पुतला दहन कार्यक्रम में भारी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं स्थानीय कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यकर्ताओं ने "भाजपा सरकार होश में आओ" और "दमनकारी नीति बंद करो" के गगनभेदी नारे लगाए। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि विपक्ष के खिलाफ इस प्रकार की दुर्भावनापूर्ण और तानाशाही कार्रवाई तुरंत बंद नहीं की गई, तो आने वाले दिनों में उग्र आंदोलन किया जाएगा और कांग्रेस सड़क से सदन तक लड़ाई जारी रखेगी।
ये रहे उपस्थित
उक्त कार्यक्रम में खल्लारी विधायक एवं जिलाध्यक्ष द्वारकाधीश यादव, शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गुरमीत चावला, पूर्व विधायक विनोद चंद्राकर, लक्ष्मण पटेल जिला प्रभारी महामंत्री, निर्मल जैन शहर महामंत्री, संजय शर्मा, मनोजकांत साहू, दाऊलाल चंद्राकर, खिलावन साहू, श्रीमती अन्नु चंद्राकर, भरत ठाकुर, पार्षद मुस्ताक खान विक्की, अमर चंद्राकर, अंकित बागबाहरा, सचिन गायकवाड़, नितेंद्र बैनर्जी, मानिकराम साहू, तबरेज खान, सोनम रामटेके, अमन चंद्राकर, राशी महिलांग, डॉ एजाज नकवी, अक्षय साकरकर, टोमन सिंह कागजी, खोम सिन्हा, भोलेनाथ गंधर्व, सुनील चन्द्राकर, राजू साहू, लीलू साहू, बसंत चंद्राकर, अनुराग चंद्राकर, आकाश निषाद, विनोद युगर, आरिफ खान, गंगा बाघ, युवराज साहू, भानु सोनी सहित बड़ी तादाद में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।