महासमुंद छिपियापारा स्थित वार्ड क्रमांक-9 के निवासियों के लिए राहत भरी खबर है। क्षेत्र में अब नई सार्वजनिक वितरण प्रणाली (उचित मूल्य) राशन दुकान का संचालन शुरू हो गया है। इससे अब स्थानीय राशन कार्डधारकों को खाद्यान्न लेने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और समय पर राशन वितरण की सुविधा मिलेगी।
दुकान का संचालन लोक सेवा महिला प्राथमिक उपभोक्ता भंडार द्वारा किया जाएगा। उपलब्ध जानकारी के अनुसार इस दुकान का शॉप आईडी 581001027 है तथा विक्रेता के रूप में निशा नायक की नियुक्ति की गई है। दुकान मंगलवार से रविवार तक खुलेगी। सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तथा दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक राशन वितरण किया जाएगा, जबकि सोमवार को साप्ताहिक अवकाश रहेगा। महेंद सिक्का,मोहन यादव, माधव सिक्का का कहना है कि नई राशन दुकान खुलने से वार्ड के जरूरतमंदों को सुविधाएं मिलेंगी। पहले राशन लेने के लिए दूसरे दुकान तक जाना पड़ता था, जिससे आने-जाने में समय लगता था।
दिव्यांगों को मिलेगी राहत
पहले राशन लेने के लिए दूसरे क्षेत्र की दुकान तक जाना पड़ता था। खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांग हितग्राहियों के लिए यह परेशानी अधिक होती थी।अब वार्ड में ही राशन दुकान उपलब्ध होने से खाद्यान्न वितरण प्रक्रिया आसान और अधिक व्यवस्थित होने की उम्मीद है। इससे हितग्राहियों को समय पर राशन मिलेगा और सरकारी योजना का लाभ लेने में किसी तरह की दिक्कत नहीं होगी।जानकारी के लिए टोल-फ्री नंबर
राशन वितरण से संबंधित किसी भी शिकायत या जानकारी के लिए हितग्राही खाद्य विभाग के टोल-फ्री कॉल सेंटर 1800-233-3663 पर संपर्क कर सकते हैं। राज्य सरकार द्वारा सार्वजनिक वितरण प्रणाली के माध्यम से पात्र परिवारों तक खाद्यान्न पहुंचाने की व्यवस्था लगातार संचालित की जा रही है।