Cooperative Bank Jobs: छत्तीसगढ़ में सहकारी बैंकिंग व्यवस्था को मजबूत करने के साथ युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में सहकारिता विभाग ने प्रदेश के पांच जिला सहकारी केंद्रीय बैंक क्षेत्रों और प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों में कुल 1,360 पदों पर भर्ती की अनुमति दे दी है। स्वीकृत पदों में जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों के 198 पद और प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों में समिति प्रबंधकों के 1,162 पद शामिल हैं। समिति प्रबंधक के पदों में 596 पद सीधी भर्ती से, जबकि 566 पद सीमित चयन प्रक्रिया के जरिए भरे जाएंगे। विभागीय समीक्षा बैठक में मिले निर्देशों के बाद भर्ती नियमों की जांच की गई। इसके बाद सहकारिता विभाग ने इन पदों पर भर्ती की प्रक्रिया आगे बढ़ाने की अनुमति जारी की है। यह समीक्षा बैठक 21 अगस्त को सहकारिता मंत्री केदार कश्यप की अध्यक्षता में हुई थी।
रायपुर क्षेत्र में सबसे अधिक 508 पद
भर्ती के लिए जारी क्षेत्रवार आंकड़ों में रायपुर सबसे आगे है। यहां कुल 508 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। बिलासपुर क्षेत्र में 444, बस्तर-जगदलपुर क्षेत्र में 187, दुर्ग-राजनांदगांव में 154 और रायगढ़ क्षेत्र में 67 पद स्वीकृत किए गए हैं। जिला सहकारी बैंकों में उप प्रबंधक, प्रोग्रामर, सहायक प्रबंधक, फील्ड ऑफिसर और सामान्य सहायक सहित विभिन्न पदों पर भर्ती होगी।
किसानों और ग्रामीण बैंकिंग व्यवस्था को मिलेगा फायदा
इन नियुक्तियों से जिला सहकारी बैंकों और प्राथमिक कृषि साख समितियों के कामकाज को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है। खासतौर पर ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों को खाद-बीज, कृषि ऋण और डिजिटल बैंकिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहकारी संस्थाओं की भूमिका और मजबूत होगी। विभाग के मुताबिक पूरी भर्ती प्रक्रिया जिला सहकारी बैंक कर्मचारी सेवा नियम-2023 और आरक्षण से जुड़े प्रावधानों के अनुसार संचालित की जाएगी। चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता का पालन किया जाएगा। हालांकि, यह भर्ती प्रक्रिया सर्वोच्च न्यायालय में विचाराधीन विशेष अनुमति याचिका (SLP) के अंतिम निर्णय के अधीन रहेगी।
क्षेत्रवार कितने पद
- रायपुर क्षेत्र: 508 पद
- बिलासपुर क्षेत्र: 444 पद
- बस्तर-जगदलपुर क्षेत्र: 187 पद
- दुर्ग-राजनांदगांव क्षेत्र: 154 पद
- रायगढ़ क्षेत्र: 67 पद
भर्ती का पूरा आंकड़ा
- कुल पद: 1,360
- बैंक संवर्ग: 198 पद
- समिति प्रबंधक: 1,162 पद
- सीधी भर्ती: 596 पद
- सीमित चयन: 566 पद
सहकारिता विभाग का मानना है कि इन भर्तियों से सहकारी संस्थाओं की कार्यक्षमता बढ़ेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़े लोगों को बैंकिंग एवं कृषि संबंधी सेवाएं अधिक प्रभावी ढंग से मिल सकेंगी।

