Delhi Cabinet Decision: दिल्ली सरकार ने आशा (ASHA) कार्यकर्ताओं के लिए बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने उनके मासिक प्रोत्साहन राशि को दोगुना करने का ऐलान किया है। अब आशा कार्यकर्ताओं को हर महीने 3 हजार रुपए की जगह 6 हजार रुपए प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। यह निर्णय मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में लिया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आशा कार्यकर्ता स्वास्थ्य व्यवस्था की अहम कड़ी हैं और वे जमीनी स्तर पर लोगों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। प्रोत्साहन राशि में बढ़ोतरी उनके योगदान को सम्मान देने और आर्थिक मजबूती प्रदान करने की दिशा में उठाया गया कदम है।
दिल्ली में 6,725 आशा कार्यकर्ता दे रही हैं सेवाएं
दिल्ली में वर्तमान समय में करीब 6,725 आशा कार्यकर्ता स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी हुई हैं। इनमें से प्रत्येक कार्यकर्ता औसतन करीब 2,000 लोगों या लगभग 400 परिवारों के संपर्क में रहकर काम करती है। वे गर्भवती महिलाओं की देखभाल, टीकाकरण, स्वास्थ्य जागरूकता और सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाती हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रोत्साहन राशि बढ़ने से आशा कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा और वे पहले की तरह बेहतर तरीके से अपनी सेवाएं जारी रख सकेंगी।
कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में बनेंगे नए हॉस्टल
कैबिनेट बैठक में छात्रों से जुड़ा एक और महत्वपूर्ण फैसला लिया गया है। दिल्ली सरकार ने राजधानी के कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में पढ़ने वाले करीब 10,000 छात्रों के लिए छात्रावास बनाने की योजना को मंजूरी दी है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि दिल्ली सरकार के कुछ विश्वविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों में हॉस्टल निर्माण का काम पहले से चल रहा है। अब बढ़ती जरूरत को देखते हुए इस योजना का विस्तार किया जाएगा। सरकार उन कॉलेजों और संस्थानों का सर्वे कराएगी, जहां छात्रावास निर्माण के लिए पर्याप्त जमीन उपलब्ध है। जगह चिन्हित होने के बाद निर्माण प्रक्रिया को तेज किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक छात्रों को रहने की सुविधा मिल सके।
