Delhi Crime News: राजधानी दिल्ली के पॉश इलाके कालकाजी में आस्था कुंज पार्क के पास एक 17 वर्षीय किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वारदात को अंजाम देने वाले तीन बदमाशों में से एक को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, सोमवार शाम करीब 7 बजे पीड़िता अपने 17 वर्षीय दोस्त के साथ कालकाजी मंदिर दर्शन करने आई थी। मंदिर में दर्शन के बाद दोनों शाम करीब 7:30 बजे पास स्थित आस्था कुंज पार्क की ओर टहलने चले गए। इसी दौरान 25 से 30 वर्ष की आयु के तीन युवकों ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर दोनों से पूछताछ शुरू की और उन्हें कानूनी कार्रवाई का डर दिखाकर धमकाने लगे।
दोस्त को बंधक बनाकर वारदात को दिया अंजाम
बदमाशों की नीयत भांपते ही नाबालिगों ने विरोध करने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने किशोरी के दोस्त को जबरन काबू में कर लिया। इसके बाद आरोपियों ने पीड़िता के साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया और वारदात के बाद मौके से फरार हो गए। घटना के बाद किसी तरह पुलिस को सूचना दी गई। रात करीब 8:45 बजे पीसीआर कॉल मिलते ही कालकाजी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पीड़िता को फौरन नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका मेडिकल कराया गया।मुठभेड़ में मुख्य आरोपी के पैर में लगी गोली
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं और पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की है। आरोपियों को पकड़ने के लिए कई टीमों का गठन किया गया और इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। सघन चेकिंग के दौरान पुलिस टीम का सामना एक आरोपी से हो गया। खुद को घिरता देख आरोपी ने भागने का प्रयास किया, जिसके बाद हुई मुठभेड़ में आरोपी आसिफ के पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराते हुए हिरासत में ले लिया है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर बाकी दो फरार साथियों के ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
