Delhi Mumbai Expressway: देश के सबसे बड़े 8-लेन दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। भोपाल के झाबुआ जिले की सीमा में एक्सप्रेस-वे से गुजर रहे वाहनों पर पहाड़ियों से अचानक पत्थर फेंके जाने की घटनाएं सामने आई हैं। तेज रफ्तार वाहनों पर हुए इस हमले से यात्रियों में डर का माहौल है। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक पहाड़ी से एक्सप्रेस-वे की ओर पत्थर फेंकता दिखाई दे रहा है। पथराव से टूटे वाहनों के शीशे, कई यात्री बाल-बाल बचे जानकारी के अनुसार, एक्सप्रेस-वे पर अचानक हुए पथराव के कारण आधा दर्जन से अधिक वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
कई गाड़ियों के शीशे टूट गए
बताया जा रहा है कि कुछ वाहनों में गुजरात से इलाज और ऑपरेशन करवाकर लौट रहे मरीज और उनके परिजन भी मौजूद थे। 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रहे वाहनों पर अचानक पत्थर गिरने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, वाहन चालकों ने सूझबूझ दिखाते हुए नियंत्रण बनाए रखा, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
NHAI ने घटना की पुष्टि की, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल एनएचएआई (NHAI) रतलाम परियोजना के निदेशक संदीप पाटीदार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि टिमरवानी से करीब 15 किलोमीटर दूर झाबुआ क्षेत्र में पथराव की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। एक्सप्रेस-वे पर सीसीटीवी कैमरे, पेट्रोलिंग और निगरानी व्यवस्था होने के बावजूद इस तरह की घटनाओं ने सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस अलर्ट, जांच शुरू
यात्रियों का कहना है कि कुछ संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था और नियमित निगरानी की जरूरत है। झाबुआ SP ने संभाला मोर्चा, पुलिस ने दर्ज किए मामले घटना की गंभीरता को देखते हुए झाबुआ पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार देर रात खुद एक्सप्रेस-वे का निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने टिमरवानी टोल नाके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली।
पुलिस ने दर्ज किए केस
पुलिस ने मामले में थाना थांदला में दो अलग-अलग अपराध दर्ज किए हैं और जांच शुरू कर दी है। एसपी ने संबंधित थाना और चौकी प्रभारियों को संवेदनशील स्थानों पर लगातार पेट्रोलिंग करने, मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने और पत्थरबाजी करने वाले लोगों की जल्द पहचान कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

