Kharora News: दृढ़ इच्छाशक्ति, मेहनत और खेल के प्रति समर्पण के दम पर खरोरा की बेटी देविका सोनकेवरा ने प्रदेश स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। राजीव नगर, नगर पंचायत खरोरा निवासी देविका ने छत्तीसगढ़ स्टेट पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप-2026 के जूनियर 76 किलो बालिका वर्ग में चार स्वर्ण पदक जीतकर ‘बेस्ट लिफ्टर ऑफ छत्तीसगढ़-2026’ का खिताब अपने नाम किया।भिलाई के सिविक सेंटर स्थित प्रगति भवन ऑफिसर्स एसोसिएशन में 26 और 27 सितंबर को आयोजित प्रतियोगिता में देविका ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चारों वर्गों में स्वर्ण पदक हासिल किए।
पहले भी जीत चुकी हैं बड़ा खिताब
उनकी खेल तकनीक और दमदार प्रदर्शन ने उन्हें प्रतियोगिता की सर्वश्रेष्ठ लिफ्टर का खिताब दिलाया, देविका वर्तमान में पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय रायपुर में बीएससी-बीएड पांचवें सेमेस्टर की छात्रा हैं। इससे पहले भी वे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुकी हैं, अप्रैल 2026 में आयोजित छत्तीसगढ़ स्टेट पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में उन्होंने ‘बेस्ट पावरलिफ्टर ऑफ छत्तीसगढ़’ का अवार्ड हासिल किया था।
नेशनल स्तर पर भी दिखाया दम
इसके बाद उन्होंने 23 से 28 जून तक हैदराबाद में आयोजित नेशनल पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व किया।
3 से 8 जून तक चेन्नई में आयोजित ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय की ओर से हिस्सा लिया, देविका की इस उपलब्धि से उनके माता-पिता के साथ खरोरा क्षेत्र और छत्तीसगढ़ का नाम भी रोशन हुआ है।
सफलता से गौरवान्वित हुआ खरोरा
उनकी सफलता पर पिता केपी सोनकेवरा, माता राजकुमारी सोनकेवरा, जिम ट्रेनर एवं मैनेजर के. साईं राव, सेवानिवृत्त व्याख्याता हरीश देवांगन, छत्तीसगढ़ शारीरिक शिक्षा शिक्षक संघ के प्रांतीय मीडिया प्रभारी भोजराम मनहरे, ललित बनारसी, अरविंद पुष्पकार, जितेंद्र बारले, श्रुति शुक्ला, पायल भगत सहित पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के प्राध्यापकों एवं छात्र-छात्राओं ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी देविका से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।
