हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बगीचा वन परिक्षेत्र के मैनी-बिमड़ा जंगल क्षेत्र में इन दिनों करीब 16 हाथियों का दल विचरण कर रहा है। हाथियों की मौजूदगी से आसपास के ग्रामीण इलाकों में दहशत का माहौल है। इसी बीच कैलाश गुफा के पास मेला स्थल के नजदीक एक ग्रामीण पर हाथियों ने हमला कर दिया। हमले में ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद इलाके में लोगों की चिंता और बढ़ गई है। घटना ऐसे समय हुई है, जब सावन सोमवार के चलते कैलाश गुफा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। जानकारी के अनुसार, मैनी-बिमड़ा के जंगलों में हाथियों का दल लगातार अपना स्थान बदल रहा है। वन विभाग की टीम हाथियों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है और उनके मूवमेंट की लगातार निगरानी की जा रही है।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता
ग्रामीणों के बीच मुनादी कराकर भी लगातार सावधानी बरतने की अपील की जा रही है। कैलाश गुफा क्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रसिद्ध कैलाश गुफा में सावन सोमवार के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। वहीं बलरामपुर जिले के श्रीकोट से करीब 10 हजार कांवड़िए पवित्र जल लेकर कैलाश गुफा की ओर रवाना हुए हैं।
सुरक्षा को लेकर वन विभाग अलर्ट
हाथियों के दल की गतिविधियों को देखते हुए वन विभाग ने क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी है। टीम लगातार जंगल और आसपास के इलाकों में हाथियों के पदचिह्न, लोकेशन और मूवमेंट पर नजर रख रही है। अधिकारियों की ओर से ग्रामीणों को हाथियों के नजदीक नहीं जाने, उन्हें छेड़ने या उनके रास्ते में बाधा डालने से बचने की सलाह दी जा रही है। कैलाश गुफा की ओर जाने वाले लोगों को भी वन क्षेत्र में विशेष सावधानी बरतने के लिए कहा जा रहा है। वन विभाग की टीम इस बात पर भी नजर रख रही है कि हाथियों का दल किस दिशा में आगे बढ़ रहा है। जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी जा रही है।
पहले भी हो चुका है जानलेवा हमला
जशपुर जिले में हाथियों के हमले की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। हाल ही में घुघरी कदमटोली गांव में हाथियों के दल ने जंगल के किनारे बने एक झोपड़ीनुमा कच्चे मकान को निशाना बनाया था। इस दौरान घर में सो रहे 70 वर्षीय बुजुर्ग पर हाथियों ने हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं के बीच कैलाश गुफा के पास ग्रामीण पर हुआ हमला लोगों के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गया है। खासकर सावन सोमवार के दौरान हजारों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए वन विभाग को हाथियों के मूवमेंट पर लगातार नजर रखने और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने की जरूरत है।


