जंगल में अचानक हुआ भालुओं से सामना
जानकारी के अनुसार, यह घटना उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के अरसीकन्हार रेंज अंतर्गत तुमडीबहार इलाके की बताई जा रही है। दोनों युवक किसी काम से जंगल क्षेत्र की ओर गए थे। इसी दौरान उनका सामना चार भालुओं के झुंड से हो गया।
अचानक सामने आए भालुओं को देखकर दोनों युवक घबरा गए। इससे पहले कि वे कुछ समझ पाते, भालुओं ने उन पर हमला कर दिया। एक युवक मौके का फायदा उठाकर वहां से भागने में सफल रहा।
शोर मचाकर भालुओं से बची जान
युवक ने शोर मचाकर बचाई जान वहीं दूसरे युवक को भालुओं ने घेर लिया और उस पर हमला कर दिया। युवक ने हिम्मत नहीं हारी और जोर-जोर से आवाज लगाकर मदद के लिए पुकारने लगा। शोर सुनकर भालू कुछ देर बाद जंगल की ओर चले गए।हमले में युवक घायल हो गया, जिसके बाद उसे स्थानीय लोगों की मदद से उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगरी ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने उसका इलाज किया।
ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील घटना के बाद आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। वन क्षेत्र में लगातार वन्यजीवों की गतिविधियां सामने आने के कारण वन विभाग और स्थानीय प्रशासन की ओर से ग्रामीणों को जंगल की ओर जाने के दौरान सतर्क रहने की अपील की जा रही है।
वन क्षेत्र के आसपास रहने वाले लोगों को अकेले जंगल जाने से बचने और वन्यजीव दिखाई देने पर उनसे दूरी बनाए रखने की सलाह दी जा रही है, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
