Road Accident: पुरूर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-30 पर बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। तेज रफ्तार यात्री बस की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि बाइक सवार बस में फंस गया और वाहन उसे करीब पांच किलोमीटर तक घसीटता हुआ टोल प्लाजा तक ले गया।
जानकारी के मुताबिक, मनीष कंपनी की स्लीपर बस जगदलपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान चारामा की तरफ जा रहे बाइक सवार को सूर्यवंशी ढाबा के पास बस ने अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद बाइक सवार बस के नीचे फंस गया, लेकिन चालक को इसकी जानकारी नहीं हो सकी और बस आगे बढ़ती चली गई।
टोल प्लाजा तक घसीटता रहा बस चालक
हादसे के बाद बस करीब पांच किलोमीटर दूर स्थित टोल प्लाजा तक पहुंच गई। इस दौरान बाइक सवार बस के साथ घिसटता रहा। दुर्घटना में उसका एक पैर कट गया और शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। मौके का दृश्य बेहद दर्दनाक था। मृतक की पहचान चारामा क्षेत्र के निवासी के रूप में बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुरूर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को गुरुर स्थित मर्च्युरी में रखवाया है। फिलहाल मृतक की पूरी पहचान और हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।बस चालक हिरासत में, हादसे की जांच जारी
घटना के बाद पुलिस ने यात्री बस चालक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, बस की रफ्तार कितनी थी और चालक को दुर्घटना के बाद बाइक सवार के फंसे होने की जानकारी क्यों नहीं मिली। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
