Jhalap Bagbahara Road Accident: गोद से उछलकर सड़क पर गिरा डेढ़ साल का मासूम, सिर पर आए टांके
Jhalap Bagbahara Road Accident: सड़क के गहरे गड्ढे के कारण बाइक हादसा हो गया, जिसमें डेढ़ साल का मासूम भावेश यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। तीजा पर्व के लिए परिवार के साथ जा रहे बच्चे के सिर और हाथ में चोट आई, जिसके बाद उसे झलप के सहकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्थानीय लोगों ने बदहाल सड़क को लेकर प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जल्द मरम्मत की मांग की है।
क
कीर्तिमान न्यूज
13 Sep 2026, 03:44 PM
बागबाहरा
AI द्वारा तैयार ~1 मिनट सारांश
Jhalap Bagbahara Road Accident: झलप–बागबाहरा मार्ग पर बिछे गड्ढों के जाल ने एक बार फिर एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियों में खलल डाल दिया। तीजा पर्व मनाने नावाडीह स्थित नाना के घर जा रहा डेढ़ साल का मासूम भावेश यादव सड़क के जानलेवा गड्ढे की वजह से बाइक से उछलकर सीधे कोलतार पर जा गिरा। हादसे में बच्चे के सिर पर गहरा कट लगा है, जहाँ डॉक्टरों को टांके लगाने पड़े। माथे और हाथ पर भी गंभीर चोटें आई हैं। यह हादसा पचरी के पास बनी छोटी पुलिया के पास हुआ। मिली जानकारी के मुताबिक, तेजन यादव अपनी बहन और दो बच्चों के साथ बाइक से बागबाहरा की तरफ आ रहे थे।
सड़क हादसा में घायल हुआ मासूमजोरदार झटके से सड़क पर जा गिरा मासूम
पचरी के पास सड़क पर एक इतना बड़ा और गहरा गड्ढा है कि वहाँ से संभलकर निकलना भी बेहद मुश्किल है। तेजन ने बाइक का संतुलन बनाए रखने की पूरी कोशिश की, लेकिन गड्ढे में चक्का पड़ते ही जोरदार झटका लगा और गोद में बैठा भावेश सड़क पर जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आने-जाने वालों का जमघट लग गया। इसी दौरान वहाँ से गुजर रहे मयंक शर्मा ने भीड़ देखकर अपनी गाड़ी रोकी। बच्चे की नाजुक हालत को देखते हुए उन्होंने बिना देर किए मासूम और उसके परिजनों को अपनी कार में बैठाया और झलप के सहकारी अस्पताल पहुँचाया।
प्रशासन की अनदेखी का शिकार मासूम
लोग अब यह पूछने पर मजबूर हैं कि क्या लोक निर्माण विभाग बाकी गड्ढों को भरने के लिए किसी और उग्र प्रदर्शन या फिर किसी बड़े जानलेवा हादसे का इंतजार कर रहा है? आज भावेश इस प्रशासनिक अनदेखी का शिकार हुआ है, कल कोई और परिवार इस खस्ताहाल सड़क की कीमत चुका सकता है। घटना के बाद से स्थानीय निवासियों में खासा आक्रोश है। लोगों ने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने के साथ ही झलप-बागबाहरा मार्ग के तमाम गड्ढों की तत्काल स्थायी मरम्मत कराने की माँग की है।