DRI Raid: गांजा तस्करी के खिलाफ राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने एक संदिग्ध ट्रक की तलाशी के दौरान भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। ट्रक चला रहे उत्तर प्रदेश निवासी युवक को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गांजे की खेप ओडिशा से रायपुर लाई जा रही थी। तस्करों ने पुलिस और जांच एजेंसियों को चकमा देने के लिए नागालैंड पंजीयन वाले ट्रक का इस्तेमाल किया था।
प्लास्टिक पाइप की आड़ में छिपाया गया गांजा
बाहर से देखने पर ट्रक में प्लास्टिक के पाइप लदे हुए थे, लेकिन तलाशी लेने पर चालक की सीट के नीचे गांजे से भरी बोरियां छिपी मिलीं। कार्रवाई के दौरान करीब 250 बोरियां बरामद होने की जानकारी सामने आई है। गांजे के वास्तविक वजन और कीमत को लेकर फिलहाल आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है। शुरुआती तौर पर बरामद माल की कीमत करोड़ों रुपए होने का अनुमान लगाया जा रहा है। वजन और दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।इससे जुड़ी खबरें...Ganja Smuggling: ओडिशा से राजस्थान सप्लाई की जा रही 18.95 लाख की गांजा खेप जब्त, 3 तस्कर गिरफ्तार
तस्करी नेटवर्क की तलाश में जुटी DRI
DRI अब गिरफ्तार चालक से यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गांजा कहां से लाया गया था और रायपुर में इसकी डिलीवरी किसे दी जानी थी। तस्करी के इस नेटवर्क में शामिल दूसरे लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। जांच के आधार पर मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।