छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के करतला वन परिक्षेत्र के बड़मार गांव में हाथी के हमले में एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हमला करने वाला हाथी अपने झुंड से अलग होकर पिछले कुछ दिनों से अकेले इलाके में घूम रहा था। इसी दौरान खेत से काम खत्म कर लौट रहे किसान का सामना हाथी से हो गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
53 वर्षीय किसान की मौके पर ही गई जान
जानकारी के अनुसार, बड़मार गांव निवासी 53 वर्षीय जगेश्वर राठिया जंगल के भीतर स्थित अपने खेत में काम करने गए थे। लौटते समय गांव से करीब दो किलोमीटर अंदर उनका सामना अचानक हाथी से हो गया। हाथी ने हमला कर दिया, जिससे किसान को संभलने या बचने का मौका नहीं मिला और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
तीन दिनों से क्षेत्र में घूम रहा है लोनर हाथी
करतला रेंजर अक्ष ऋषि ने बताया कि पिछले तीन दिनों से एक लोनर हाथी बड़मार जंगल और आसपास के इलाकों में लगातार विचरण कर रहा है। लोगों को सतर्क करने के लिए पहले भी गांवों में मुनादी कराई गई थी और शनिवार को भी आसपास के गांवों में दोबारा चेतावनी जारी की जा रही है, ताकि ग्रामीण हाथी से सुरक्षित दूरी बनाए रखें।
अन्य किसानों ने दी घटना की सूचना
घटना के समय आसपास खेतों में काम कर रहे अन्य किसानों की नजर जब जगेश्वर राठिया पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल परिजनों और वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। साथ ही आसपास मौजूद किसानों को तुरंत खेत छोड़कर सुरक्षित घर लौटने की सलाह भी दी गई।
परिजनों को मिलेगी तत्काल सहायता राशि
वन विभाग ने बताया कि मृतक किसान के परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। नियमानुसार आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद शासन की ओर से मिलने वाली तत्काल सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी। विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथी की मौजूदगी की सूचना मिलने पर जंगल या खेत की ओर जाने से बचें और किसी भी गतिविधि की जानकारी तुरंत वन विभाग को दें।