कवर्धा में नकली नोट गिरोह का पर्दाफाश, 12.50 लाख की जाली करेंसी के साथ 3 आरोपी गिरफ्तार
कबीरधाम पुलिस ने नकली नोट तैयार कर बाजार में खपाने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। बोड़ला थाना, पोंडी चौकी और साइबर टीम की संयुक्त कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर 12.50 लाख रुपये की नकली करेंसी, कलर प्रिंटर, मोबाइल और कार जब्त की गई है।
क
कीर्तिमान न्यूज
11 Aug 2026, 04:05 PM
कवर्धा
कवर्धा में नकली नोट तैयार कर बाजार में खपाने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। कबीरधाम पुलिस की बोड़ला थाना, पोंडी चौकी और साइबर टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर 12 लाख 50 हजार रुपए के नकली नोट, कलर प्रिंटर, मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल टाटा पंच ईवी कार बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, मामले का खुलासा ग्राम कमराखोल निवासी दिनेश कुमार यादव की शिकायत के बाद हुआ। दिनेश ने पुलिस को बताया कि उसने अप्रैल 2026 में घुरवा राम को 3 लाख 75 हजार रुपए उधार दिए थे। रकम वापस मांगने पर घुरवा राम ने पैसे लौटाने का भरोसा दिलाया था।
शराब भट्टी के पास बैग में दिए 4.50 लाख के नकली नोट
9 अगस्त 2026 को घुरवा राम ने दिनेश कुमार को बताया कि सतीश कुमार के माध्यम से उसकी रकम भेजी जा रही है। इसके बाद दिनेश अपने परिचित कैलाश चंद्रवंशी के साथ ग्राम पोंडी स्थित शराब भट्टी के पास पहुंचा।
वहां सतीश कुमार और उसके एक साथी ने काले रंग के बैग में रकम दी। जब दिनेश ने नोटों की जांच की तो उसे शक हुआ। बैग खोलने पर उसमें 500-500 रुपए के कुल 4 लाख 50 हजार रुपए के नकली नोट मिले। इसके बाद दिनेश कुमार ने 10 अगस्त को पोंडी चौकी में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
जाली करेंसी के साथ 3 गिरफ्तारपूछताछ में सामने आया नकली नोट बनाने का पूरा नेटवर्क
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और सतीश कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान सतीश ने बताया कि वह रामप्रसाद उर्फ रमऊ और घुरवा राम के साथ मिलकर नकली नोट तैयार करने और उन्हें बाजार में चलाने का काम कर रहा था।
सतीश से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए रामप्रसाद उर्फ रमऊ और घुरवा राम को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
किराए के कमरे में कलर प्रिंटर से बनाते थे नकली करेंसी
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी जुलाई 2026 से नकली नोट बनाने का काम कर रहे थे। इसके लिए रामप्रसाद उर्फ रमऊ ने कवर्धा नए बस स्टैंड के पास एक कमरा किराए पर लिया था। इसी कमरे में कलर प्रिंटर की मदद से नकली नोट तैयार किए जाते थे। पुलिस के अनुसार, 13 जुलाई को रामप्रसाद और सतीश कुमार ने कलर प्रिंटर खरीदा था। इसके बाद रामप्रसाद और घुरवा राम कमरे में नकली नोट तैयार करते थे, जबकि सतीश कुमार और रामप्रसाद उन्हें आगे पहुंचाने का काम करते थे।
12.50 लाख की नकली करेंसी सहित प्रिंटर और कार जब्त
पुलिस ने तीनों आरोपियों से कुल 8 लाख रुपए के नकली नोट बरामद किए हैं। इसके अलावा दिनेश कुमार को दिए गए 4 लाख 50 हजार रुपएके नकली नोट भी जब्त किए गए हैं। इस तरह पुलिस ने कुल 12 लाख 50 हजार रुपये की नकली करेंसी बरामद की है।
बरामद सामान में सतीश कुमार से 2 लाख रुपये के नकली नोट, रामप्रसाद उर्फ रमऊ से 4 लाख 50 हजार रुपए के नकली नोट, मोबाइल फोन, कलर प्रिंटर/फोटोकॉपी मशीन और टाटा पंच ईवी कार शामिल है। वहीं घुरवा राम से 1 लाख 50 हजार रुपए के नकली नोट बरामद किए गए हैं।
नकली नोटों का जखीरा बरामदBNS की धाराओं में मामला दर्ज, नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस ने पोंडी चौकी, थाना बोड़ला में अपराध क्रमांक 101/2026 के तहत धारा 179 और 318(4) बीएनएस में मामला दर्ज किया है। जांच के दौरान धारा 178, 180 और 181 बीएनएस भी जोड़ी गई हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नकली नोट बनाने के लिए सामग्री कहां से जुटाई गई, अब तक कितनी नकली करेंसी तैयार की गई और इसे किन-किन जगहों पर खपाया गया।
रामप्रसाद उर्फ रमऊ, पिता ललित राम, उम्र 56 वर्ष, निवासी तालपुर, थाना सिटी कोतवाली कवर्धा।
घुरवा राम, निवासी कान्हाभैरा, थाना पिपरिया।
कबीरधाम पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध नोट को स्वीकार करने से पहले उसकी अच्छी तरह जांच करें। नकली नोट या संदिग्ध वित्तीय लेन-देन की जानकारी मिलने पर तुरंत नजदीकी पुलिस थाना या चौकी को सूचना दें।