छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई है। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के नयापारा वार्ड नंबर-12 स्थित किराए के मकान में रहने वाले पति-पत्नी की लाश एक ही फंदे पर लटकी मिली। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
अनूपपुर के रहने वाले थे दंपती
मृतकों की पहचान रमेश सिंह बंजारा और उनकी पत्नी माया बंजारा के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के अमरकंटक क्षेत्र के ग्राम जामकछार के रहने वाले थे। दंपती अपने दो बच्चों के साथ बिलासपुर में किराए के मकान में रह रहे थे।
बताया जा रहा है कि रमेश सिंह बंजारा और उनकी पत्नी माया बंजारा दोनों सिरगिट्टी के औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक कंपनी में काम करते थे।
बच्चों के रोने की आवाज सुनकर पहुंचा मकान मालिक
सुबह मकान मालिक रमेश कुमार साहू को कमरे से बच्चों के लगातार रोने की आवाज सुनाई दी। अनहोनी की आशंका के चलते वह तुरंत कमरे के पास पहुंचे। खिड़की से अंदर देखने पर पति-पत्नी दोनों एक ही फंदे पर लटके हुए दिखाई दिए। इसके बाद मकान मालिक ने तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी। जानकारी मिलते ही सिरगिट्टी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की।
कारणों की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने मौके का निरीक्षण करने के बाद दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि घटना के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से अब तक कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। मामले में परिजनों और आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। घटना के बाद दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।