महासमुंद जिले के बसना थाना क्षेत्र के ग्राम छोटेडाभा में लापता बेटे की जानकारी लेने पहुंचे एक दंपती के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम छोटेडाभा निवासी शिव कुमार अग्रवाल का 20 वर्षीय पुत्र कान्हा अग्रवाल 5 जुलाई की शाम से घर नहीं लौटा था। परिवार लगातार उसकी तलाश कर रहा था। इसी दौरान गांव के निवासी बादल सिंह ने शिव कुमार को बताया कि उसने कान्हा को आखिरी बार गांव के यमन साव के साथ देखा था।
मारपीट में पिता घायल, माथे पर आई गंभीर चोट
इस सूचना के बाद 6 जुलाई की सुबह करीब 6:30 बजे शिव कुमार अग्रवाल अपनी पत्नी लीला देवी और बादल सिंह के साथ यमन साव के घर पहुंचे। वहां उन्होंने केवल यह पूछा कि कान्हा कहां है और क्या उसे उसके बारे में कोई जानकारी है। शिकायत के मुताबिक, इस सवाल पर यमन साव नाराज हो गया और गाली-गलौज करते हुए शिव कुमार के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपी के हाथ में पहने कड़े से शिव कुमार के माथे पर चोट लगी, जिससे उन्हें खून निकलने लगा।बीच-बचाव करने पहुंची पत्नी से भी की मारपीट
जब लीला देवी अपने पति को बचाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंचीं, तब आरोपी ने उनके साथ भी मारपीट की। घटना के बाद पीड़ित दंपती बसना थाने पहुंचे और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। बसना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी यमन साव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296 और 351(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और विवेचना के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।