Farmer Protest: छत्तीसगढ़ में धान खरीदी का मुद्दा एक बार फिर किसानों के बीच चर्चा में है। इसी बीच कांकेर जिले में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने किसानों से जुड़ी समस्याओं को लेकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। जिला अध्यक्ष बाबूलाल साहू के नेतृत्व में यूनियन के पदाधिकारियों और किसानों ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर धान खरीदी की व्यवस्था में बदलाव, खरीदी सीमा बढ़ाने और फसल बीमा में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की। किसान यूनियन ने मांग रखी है कि धान खरीदी के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन टोकन व्यवस्था में 50-50 प्रतिशत का अनुपात लागू किया जाए। यूनियन का मानना है कि इससे ऑनलाइन टोकन पर निर्भरता कम होगी और उन किसानों को भी अपनी उपज बेचने का अवसर मिलेगा, जिन्हें मौजूदा व्यवस्था में परेशानी होती है।
फसल बीमा की कटौती का पूरा हिसाब देने की मांग
ज्ञापन में फसल बीमा को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। किसानों का आरोप है कि बीमा के नाम पर उनके बैंक खातों से राशि काट ली जाती है, लेकिन कटौती से संबंधित पूरी जानकारी उन्हें नहीं मिलती। भारतीय किसान यूनियन ने मांग की है कि प्रत्येक किसान के खाते से काटी गई बीमा राशि का पूरा विवरण उपलब्ध कराया जाए। यूनियन ने प्रशासन से यह स्पष्ट करने की मांग की है कि किस किसान के खाते से कितनी राशि काटी गई और संबंधित बीमा योजना के तहत उसका क्या रिकॉर्ड है। किसानों का कहना है कि बीमा से जुड़ी प्रक्रिया पारदर्शी होनी चाहिए, ताकि उन्हें अपनी जमा राशि और बीमा कवरेज की सही जानकारी मिल सके।











