धमतरी शहर की कमल विहार कॉलोनी में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक बाइक के अंदर करीब साढ़े चार फीट लंबा जहरीला कोबरा छिपा मिला। बाइक में सांप होने की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलने पर सर्प मित्र सूर्यकांत साहू वहां पहुंचे और बाइक की जांच शुरू की। कोबरा बाइक के अंदर ऐसी जगह छिपा था, जहां से उसे बाहर निकालना आसान नहीं था। काफी सावधानी और मशक्कत के बाद सर्प मित्र ने सांप को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
बाइक के पास जुटी लोगों की भीड़
बाइक के अंदर कोबरा होने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। लोग सांप को देखने के लिए बाइक के आसपास खड़े रहे। हालांकि, रेस्क्यू के दौरान सभी को सुरक्षित दूरी बनाए रखने के लिए कहा गया। सर्प मित्र सूर्यकांत साहू ने बताया कि कोबरा को किसी तरह का नुकसान नहीं पहुंचाया गया है। रेस्क्यू के बाद उसे सुरक्षित स्थान पर ले जाकर जंगल में छोड़ दिया जाएगा।बारिश के मौसम में सावधानी जरूरी
सांप के बाइक से बाहर निकलने के बाद कॉलोनीवासियों ने राहत की सांस ली। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है। लोगों के बीच बारिश के मौसम में अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की जा रही है। बारिश के दौरान सांप अक्सर सुरक्षित और सूखी जगह की तलाश में घरों, वाहनों, जूतों या सामान के आसपास छिप सकते हैं। ऐसे में बाइक या जूते इस्तेमाल करने से पहले उनकी अच्छी तरह जांच करना जरूरी है।