Gharelu Recipy: रक्षाबंधन पर भाई की कलाई पर राखी बांधने के साथ कुछ खास बनाकर खिलाने का भी अपना अलग उत्साह होता है। अगर इस बार आप पारंपरिक मिठाई से हटकर कुछ नया ट्राई करना चाहती हैं, तो फ्रूट क्रीम एक बढ़िया विकल्प हो सकती है। इसे बनाने के लिए न गैस जलाने की जरूरत है और न ही ज्यादा समय देना पड़ेगा। ठंडी, क्रीमी और फलों से भरपूर यह मिठाई त्योहार के मौके पर सभी को पसंद आ सकती है।
फ्रूट क्रीम बनाने के लिए सामग्री
- 1 कप ठंडी अनस्वीटेंड व्हिपिंग क्रीम
- 1 कप प्लेन दही
- 4 बड़े चम्मच पिसी हुई चीनी
ingredients list - 1 छोटा चम्मच वनीला एक्सट्रैक्ट
- ¼ कप कटे हुए सेब
- ¼ कप कटा हुआ केला
- ¼ कप कटी हुई कीवी
- ¼ कप अनार के दाने
- ¼ कप कटी हुई स्ट्रॉबेरी
- ¼ कप कटे हुए हरे अंगूर
- ¼ कप कटे हुए संतरे
- ¼ कप कटे हुए आम
- 2 बड़े चम्मच कटे हुए काजू
- 2 बड़े चम्मच कटे हुए बादाम
- 1 बड़ा चम्मच पिस्ता
ऐसे तैयार करें फ्रूट क्रीम
सबसे पहले एक बड़े बाउल में ठंडी व्हिपिंग क्रीम लें। इसमें दही डालकर अच्छी तरह फेंटें। अब पिसी हुई चीनी और वनीला एक्सट्रैक्ट मिलाएं। मिश्रण को तब तक फेंटें, जब तक क्रीम अच्छी तरह स्मूद और क्रीमी न हो जाए। अब सेब, केला, कीवी, अनार, स्ट्रॉबेरी, अंगूर, संतरा और आम को छोटे टुकड़ों में काट लें। तैयार क्रीम में सभी फलों को डालकर हल्के हाथों से मिलाएं। इस दौरान ज्यादा जोर से चलाने से बचें, ताकि फल टूटें नहीं। इसके बाद कटे हुए काजू, बादाम और पिस्ता डालकर धीरे-धीरे मिला दें।
फलों को ज्यादा देर तक चलाने से वे पानी छोड़ सकते हैं, जिससे फ्रूट क्रीम पतली हो सकती है। इसलिए इस स्टेप में हल्के हाथों से सामग्री मिलाना बेहतर रहेगा। सभी चीजें मिलाने के बाद बाउल को ढककर करीब 2 घंटे के लिए फ्रिज में रख दें। सर्व करते समय ऊपर से अनार के दाने, स्ट्रॉबेरी और थोड़ा पिस्ता डालकर सजाएं। इस तरह बिना गैस जलाए घर पर ठंडी और क्रीमी फ्रूट क्रीम तैयार हो जाएगी।