बारिश का मौसम गर्मी से राहत जरूर देता है, लेकिन इस दौरान त्वचा से जुड़ी कई समस्याएं भी बढ़ जाती हैं। हवा में नमी बढ़ने और ज्यादा पसीना आने के कारण स्किन चिपचिपी महसूस होने लगती है। इसके साथ ही रोमछिद्र बंद होने, ऑयली स्किन और मुंहासों जैसी परेशानियां भी सामने आ सकती हैं। मानसून में अगर त्वचा की सही देखभाल न की जाए तो चेहरे की प्राकृतिक चमक कम हो सकती है। ऐसे में हल्का स्किनकेयर रूटीन अपनाकर त्वचा को फ्रेश और हेल्दी रखा जा सकता है। डर्मेटोलॉजिस्ट रश्मि शेट्टी के अनुसार, बारिश के मौसम में कुछ छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखकर स्किन को बेहतर बनाया जा सकता है।
त्वचा को साफ और सूखा रखें
मानसून के दौरान शरीर के उन हिस्सों में नमी ज्यादा जमा होती है, जहां त्वचा आपस में जुड़ती है, जैसे बगल और जांघों के बीच। ऐसे हिस्सों को हमेशा सूखा रखना जरूरी है। जरूरत पड़ने पर बॉडी पाउडर का इस्तेमाल किया जा सकता है। चेहरे पर पाउडर का ज्यादा इस्तेमाल करने से बचें। अधिक परतें लगाने से त्वचा भारी और चिपचिपी लग सकती है। साथ ही बारिश के मौसम में भी सनस्क्रीन लगाना न भूलें। बादल होने के बावजूद UV किरणें त्वचा तक पहुंच सकती हैं और नुकसान पहुंचा सकती हैं।
दिन में दो बार करें चेहरा साफ
मानसून में पसीना, धूल और अतिरिक्त तेल त्वचा पर जल्दी जमा हो जाता है। इसलिए सुबह और रात को हल्के फेस क्लींजर से चेहरा साफ करना जरूरी है। ऑयली स्किन वाले लोग सल्फेट-फ्री फोमिंग क्लींजर का इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे त्वचा साफ रहती है और अतिरिक्त तेल भी नियंत्रित होता है। हालांकि, बार-बार चेहरा धोने से बचना चाहिए। ज्यादा सफाई करने से त्वचा की प्राकृतिक नमी कम हो सकती है, जिसके कारण स्किन ज्यादा तेल बनाने लगती है। अगर दिन में चेहरा ज्यादा ऑयली लगे तो फेस वॉश की जगह ऑयल ब्लॉटिंग पेपर का इस्तेमाल किया जा सकता है।
त्वचा को अंदर से रखें हाइड्रेटेड
बारिश के मौसम में कई बार प्यास कम लगती है, लेकिन शरीर को पर्याप्त पानी की जरूरत होती है। पर्याप्त मात्रा में पानी पीने से त्वचा अंदर से स्वस्थ रहती है। अपनी डाइट में ताजे फल, हरी सब्जियां और विटामिन C से भरपूर चीजों को शामिल करें। ये त्वचा की प्राकृतिक चमक बनाए रखने में मदद करते हैं।