Pendari Talab News: बिलासपुर जिले के सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम पेंडारी में मुरूम खदान से बने तालाब में मंगलवार सुबह एक युवक की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। मृतक की पहचान 28 वर्षीय सागर पासी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह पिछले तीन दिनों से लापता था और आखिरी बार उसे कार सवार दो युवकों से बातचीत करते हुए देखा गया था। सकरी पुलिस के मुताबिक, मंगलवार सुबह पेंडारी गांव के ग्रामीणों ने तालाब में एक शव तैरता हुआ देखा। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को इसकी जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। मृतक की पहचान सागर पासी पिता स्वर्गीय शंभू पासी के रूप में हुई।
तीन दिन से घर नहीं लौटा था सागर
परिजनों ने पुलिस को बताया कि सागर अक्सर घर से बाहर रहता था और सप्ताह में केवल दो-तीन बार ही घर आता था। रविवार सुबह वह घर पहुंचा था और कुछ समय रुकने के बाद अपनी स्कूटी लेकर निकल गया। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। मंगलवार को उसका शव तालाब में मिला। पुलिस जांच में सामने आया है कि रविवार को सागर चोरभट्ठी निवासी जोया खान के साथ था। पूछताछ में जोया ने बताया कि दोपहर करीब 12 बजे सागर उसके घर पहुंचा था। इसके बाद दोनों ने शराब खरीदी और कोटा स्थित कोरी डेम गए, जहां शाम करीब 4:30 बजे तक दोनों ने शराब पी। इसके बाद दोनों वापस लौटे और गनियारी शराब दुकान से दोबारा शराब खरीदी। फिर पेंडारी तालाब के पास बैठकर रात करीब 9 बजे तक शराब पीते रहे।
कार सवार युवकों से बातचीत के बाद गायब हुआ सागर
जोया ने पुलिस को बताया कि इसी दौरान एक कार में सवार दो युवक वहां पहुंचे और उन्होंने सिगरेट मांगी। इसके बाद सागर उन युवकों के पास जाकर बातचीत करने लगा। कुछ देर बाद सागर ने मोबाइल बंद होने की बात कहते हुए अपना फोन और स्कूटी जोया को दे दी और उसे घर जाने के लिए कहा। इसके बाद सागर के साथ क्या हुआ, इसकी जानकारी जोया को नहीं है। पुलिस अब उन दोनों कार सवार युवकों की तलाश कर रही है, जिनसे सागर की आखिरी बार बातचीत हुई थी।शव पुराना होने से चोट के निशान स्पष्ट नहीं
पुलिस के अनुसार, शव करीब तीन दिन पुराना है और लंबे समय तक पानी में रहने के कारण वह खराब हो चुका है। इस वजह से शरीर पर चोट के निशान स्पष्ट रूप से नजर नहीं आ रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। सागर के दोस्त जोया से पूछताछ जारी है और कार सवार युवकों की तलाश की जा रही है।

