Bilaspur Railway Station: जोनल रेलवे स्टेशन स्थित IRCTC के रिटायरिंग रूम में अव्यवस्था का मामला सामने आया है। नागपुर से परिवार के साथ बिलासपुर पहुंचे एक यात्री को पहले से बुक कमरा नहीं मिला। रूम की फॉल्स सीलिंग असुरक्षित होने का हवाला देकर IRCTC ने बुकिंग रद्द कर दी थी। यात्री का आरोप है कि इसकी जानकारी उन्हें समय पर नहीं दी गई, जिसके चलते उन्हें परिवार के साथ करीब डेढ़ से दो घंटे तक ठहरने के लिए परेशान होना पड़ा। नागपुर निवासी रत्नेश कुमार ने 13 अक्टूबर को बिलासपुर रेलवे स्टेशन के रिटायरिंग रूम में कमरा नंबर 104 बुक कराया था।
उन्हें बिलासपुर से पटना जाना था। इसी सिलसिले में वे नागपुर-बिलासपुर वंदे भारत एक्सप्रेस से परिवार के साथ बिलासपुर पहुंचे। स्टेशन पर रिटायरिंग रूम के काउंटर पर पहुंचने के बाद उन्हें बताया गया कि उनकी बुकिंग रद्द हो चुकी है। रत्नेश कुमार ने जब बुकिंग रद्द कराने से इनकार किया, तो स्टाफ ने IRCTC की ओर से भेजे गए ईमेल का हवाला दिया। ईमेल में रिटायरिंग रूम के नवीनीकरण का कारण बताते हुए बुकिंग रद्द किए जाने की जानकारी दी गई थी।
दूसरा कमरा भी नहीं मिला, होटल में रुकने को हुए मजबूर
बुकिंग रद्द होने के बाद यात्री ने दूसरे कमरे या डॉर्मिटरी में ठहरने की व्यवस्था करने की मांग की। हालांकि, उन्हें बताया गया कि कोई कमरा खाली नहीं है। ऐसे में परिवार के साथ आए रत्नेश कुमार को स्टेशन पर ही मदद के लिए भटकना पड़ा। करीब डेढ़ से दो घंटे की मशक्कत के बाद उन्हें शहर के एक होटल में कमरा लेना पड़ा। यात्री का कहना है कि यदि कमरे में सुरक्षा संबंधी समस्या थी, तो इसकी सूचना पहले ही दी जानी चाहिए थी। साथ ही, बुकिंग रद्द करने की स्थिति में वैकल्पिक ठहरने की व्यवस्था करने में भी मदद मिलनी चाहिए थी।
यात्री ने बुकिंग रद्द करने पर उठाए सवाल
रत्नेश कुमार ने आरोप लगाया कि उनकी बुकिंग जानबूझकर रद्द की गई। उनका कहना है कि कमरा असुरक्षित बताए जाने के बावजूद वहां कुछ लोगों की आवाजाही दिखाई दी। ऐसे में उन्होंने आशंका जताई कि कमरे को किसी अन्य व्यक्ति को देने की संभावना भी हो सकती है। हालांकि, इस आरोप की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।रेल प्रशासन से की शिकायत
मामले से परेशान यात्री ने स्टेशन प्रबंधक से मुलाकात कर अपनी शिकायत रखी। उन्हें शिकायत पुस्तिका में अपनी बात दर्ज कराने की सलाह दी गई। इस घटना ने रिटायरिंग रूम की बुकिंग व्यवस्था और बुकिंग रद्द होने की स्थिति में यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं पर सवाल खड़े किए हैं।
IRCTC ने सुरक्षा कारणों का दिया हवाला
IRCTC बिलासपुर के एरिया मैनेजर प्रवीण शर्मा के अनुसार, कमरा नंबर 104 असुरक्षित है और उसकी फॉल्स सीलिंग का एक हिस्सा गिर चुका है। उन्होंने बताया कि स्टेशन से ट्रेन गुजरने के दौरान होने वाले कंपन के कारण सीलिंग में झनझनाहट होती है। ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कमरे में ठहरने की अनुमति नहीं दी जा सकती।







