महासमुंद, ग्रामीण युवाओं, महिलाओं और स्वयं सहायता समूहों के लिए स्वरोजगार से जुड़ने का अच्छा अवसर सामने आया है। बैंक ऑफ बड़ौदा ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी), महासमुंद में 10 दिवसीय निःशुल्क मशरूम उत्पादन प्रशिक्षण शुरू हो गया है। प्रशिक्षण में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से आए युवक-युवतियां और महिलाएं उत्साह के साथ हिस्सा ले रहे हैं।
रिक्त सीटों पर मिलेगा प्रवेश
आरसेटी के निदेशक टुटु बेहरा ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम में अभी कुछ सीटें खाली हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 4 और 5 अगस्त 2026 को पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर प्रवेश ले सकते हैं। सीटें भरने के बाद या तय समय सीमा समाप्त होने पर नए आवेदकों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
मशरूम उत्पादन से स्वरोजगार की सीख
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को मशरूम उत्पादन की आधुनिक और वैज्ञानिक तकनीकों की जानकारी दी जाएगी। इसमें मशरूम के लिए बीज (स्पॉन) की जानकारी, उत्पादन प्रक्रिया, देखभाल, प्रबंधन, पैकेजिंग और बाजार तक पहुंच बनाने की प्रक्रिया सिखाई जाएगी। इसके अलावा प्रशिक्षणार्थियों को अपना स्वरोजगार शुरू करने के लिए जरूरी मार्गदर्शन भी दिया जाएगा। संस्थान की ओर से अध्ययन सामग्री, भारत सरकार से मान्यता प्राप्त प्रमाण-पत्र और व्यवसाय शुरू करने से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
इच्छुक अभ्यर्थी इन नंबरों पर करें संपर्क
आरसेटी ने जिले के ग्रामीण युवक-युवतियों, महिलाओं और स्वयं सहायता समूह के सदस्यों से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है। प्रवेश और अधिक जानकारी के लिए कमलेश पटेल ( 7999700673) और रितेश पटेल ( 9691089327) से संपर्क किया जा सकता है।