महासमुंद जिले में ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी की बड़ी वारदात सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा किया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। ग्राम भलेसर निवासी उमेश सिन्हा ने थाना महासमुंद में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके पिता तुकाराम सिन्हा का ईचर ट्रैक्टर (क्रमांक CG 06 GM 0256) और नीली ट्रॉली 13 जून की रात गांव के बियारा में खड़ी थी। 14 जून की सुबह दोनों गायब मिले। शिकायत के आधार पर थाना महासमुंद में अपराध क्रमांक 359/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर जांच शुरू की। मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण भी किया गया। जांच के दौरान गांव के ही एक व्यक्ति राहुल देव कुर्रे पर संदेह गहराया।
पूछताछ में खुला चोरी का राज
पुलिस ने आरोपी से सख्ती से पूछताछ की, जिसमें वह शुरुआत में लगातार गुमराह करता रहा। हालांकि मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ करने पर उसने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। आरोपी ने बताया कि उसने ट्रैक्टर-ट्रॉली को ग्राम बासिन में छिपाकर रखा था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर चोरी किया गया ट्रैक्टर और ट्रॉली बरामद कर ली। बरामद संपत्ति की कीमत करीब 2 लाख रुपये आंकी गई है।आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
पुलिस ने 17 जून को आरोपी राहुल देव कुर्रे (25 वर्ष), निवासी सतनामी पारा, ग्राम भलेसर, थाना एवं जिला महासमुंद को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। महासमुंद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर लगातार सख्त कार्रवाई किया जायेगा । अपराधियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी और ऐसी घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अभियान तेज किया गया है।