नगर पालिका परिषद बागबाहरा में स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। नगरपालिका अध्यक्ष खिलेश्वरी ताम्रध्वज बघेल ने नगरपालिका परिसर में ध्वजारोहण किया। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ और उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों एवं नागरिकों ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी।
कार्यक्रम में नगरपालिका उपाध्यक्ष देवेश साहू सहित पार्षद शैलेश साहू, प्रीति महेन्द्र गुप्ता, रमेश ठाकुर, मनता यादव, मिथुन अमीर, मेनका पोखराज साहू, थानू पांडे, रुपेश साहू, उदय सिंह चंदेल एवं सिवा जगत उपस्थित रहे। वहीं एल्डरमेन सुरेश महंती, सोहन साहू, मोतीलाल पुजारा एवं दुर्गा वस्त्रकार सहित गणमान्य नागरिक तथा नगरपालिका के अधिकारी-कर्मचारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
शहीदों को किया नमन
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। वक्ताओं ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि देश की आजादी के लिए किए गए संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद करने तथा राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को निभाने का संकल्प लेने का दिन है।
नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता
नगरपालिका अध्यक्ष खिलेश्वरी ताम्रध्वज बघेल ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नगर के विकास में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों और आम नागरिकों की सामूहिक सहभागिता आवश्यक है। स्वच्छ, सुंदर और विकसित बागबाहरा के निर्माण के लिए सभी को मिलकर जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि नगर विकास की योजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से पहुंचाने के साथ नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाना नगरपालिका की प्राथमिकता है।
पालिका देशभक्ति के रंग में रंगा
ध्वजारोहण कार्यक्रम के दौरान नगरपालिका परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र की एकता, अखंडता और विकास के साथ नगरहित में निरंतर कार्य करने के संकल्प के साथ हुआ।


