India Nepal Relations: भारत ने नेपाल को दिया 24,000 करोड़ नेपाली रुपए का विकास पैकेज, सरयू-कमल एक्सप्रेस और IIT कैंपस का बड़ा ऐलान
India Nepal Relations: भारत और नेपाल के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के लिए कई अहम समझौते हुए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाली प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की बातचीत के बाद भारत ने नेपाल के विकास के लिए 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये के पैकेज की घोषणा की। इसके साथ नेपाल में IIT ऑफशोर कैंपस, स्टार्टअप इनक्यूबेटर और इनोवेशन हब स्थापित करने की योजनाओं पर भी जोर दिया गया। अयोध्या से जनकपुर तक प्रस्तावित ‘सरयू-कमल एक्सप्रेस’ ट्रेन सेवा भी चर्चा का प्रमुख विषय रही।
India Nepal Relations: भारत और नेपाल के बीच रिश्तों में एक नया अध्याय जुड़ गया है। नेपाली प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह और भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत के बाद संयुक्त प्रेसवार्ता की। इस दौरान भारत ने नेपाल के विकास के लिए 24,000 करोड़ नेपाली रुपये के पैकेज की घोषणा की। साथ ही दोनों देशों के बीच कई अहम समझौतों पर मुहर लगी और
बुनियादी ढांचे से जुड़ी कई परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास भी किया गया।
आस्था, संस्कृति और ‘सरयू-कमल एक्सप्रेस’
संयुक्त प्रेसवार्ता में पीएम मोदी ने दोनों देशों के सदियों पुराने रिश्तों का जिक्र करते हुए कहा कि भारत और नेपाल साझा इतिहास, आस्था, संस्कृति और जन-जन के जुड़ाव से बंधे हैं। उन्होंने भगवान राम और माता सीता को दोनों देशों की साझा सभ्यता और आस्था का प्रतीक बताया। इस कड़ी को और मजबूत करते हुए
पीएम मोदी ने ‘सरयू-कमल एक्सप्रेस’ ट्रेन सेवा शुरू करने की बात कही। उन्होंने बताया कि यह ट्रेन अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं को सीधे नेपाल के जनकपुर तक पहुंचाएगी, जिससे धार्मिक पर्यटन और लोगों का आवागमन आसान होगा। इसके अलावा बिहार और उत्तर प्रदेश समेत भारत के कई राज्यों और नेपाल के बीच सड़क, रेल और सीमा संपर्क की परियोजनाओं को तेज करने का भरोसा भी दिलाया गया।
युवाओं, तकनीक और शिक्षा पर फोकस
प्रधानमंत्री मोदी ने बदलते दौर और नई पीढ़ी का जिक्र करते हुए कहा कि आज रामायण की कथाएं फिल्मों और आधुनिक तकनीक के जरिए दुनियाभर में पहुंच रही हैं। उन्होंने भारत और नेपाल के युवा क्रिएटर्स से अपील की कि वे मिलकर इन नए माध्यमों से साझा विरासत को आगे बढ़ाएं।
इसी सिलसिले में उन्होंने अगले ‘वेव्स समिट’ (WAVES Summit) में नेपाल के बड़े प्रतिनिधिमंडल के स्वागत की इच्छा जताई। पीएम मोदी ने यह भी ऐलान किया कि:
नेपाल में एक स्टार्टअप इनक्यूबेटर और इनोवेशन हब बनाया जाएगा।
नेपाल में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) का एक ऑफशोर कैंपस स्थापित होगा।
भारत में कानून और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में नेपाली छात्रों के लिए छात्रवृत्ति के अवसर बढ़ाए जाएंगे।
बालेंद्र शाह बोले— रिश्ते हिमालय जैसे अडिग और समुद्र जैसे विशाल
नेपाली प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने बातचीत को खुलकर, सार्थक और भविष्य की दिशा तय करने वाला बताया। उन्होंने कहा कि सहयोग के अलग-अलग क्षेत्रों में अहम सहमति बनी है और कई बड़ी परियोजनाओं की शुरुआत हुई है। उनके मुताबिक, आज जरूरत इस बात की है कि दोनों देश इस मजबूत रिश्ते की नींव पर और मजबूती से खड़े हों। पीएम मोदी का आभार जताते हुए बालेंद्र शाह ने कहा कि आपसी सम्मान, विश्वास और सद्भावना ही इस रिश्ते की असली ताकत हैं। उन्होंने दोनों देशों के संबंधों को हिमालय की तरह अडिग और समुद्र की तरह विशाल करार दिया।