Israel Government Formation: नई सरकार पर गतिरोध बरकरार, लिकुड और यशर की बातचीत बेनतीजा
Israel Government Formation: इजरायल में नई सरकार के गठन को लेकर बेंजामिन नेतन्याहू और गादी आइजेनकॉट के बीच हुई चार घंटे से अधिक की बातचीत बेनतीजा रही। प्रधानमंत्री पद के रोटेशन और इतामार बेन-गवीर को सरकार में शामिल करने के मुद्दे पर दोनों दलों के बीच सहमति नहीं बन सकी। बहुमत के लिए जरूरी 61 सीटों का आंकड़ा जुटाने की चुनौती के बीच दोनों पक्षों ने दोबारा बातचीत करने पर सहमति जताई है। सरकार गठन की तय समयसीमा नजदीक आने से इजरायल में राजनीतिक अनिश्चितता बनी हुई है।
Israel Government Formation: इजरायल में नई सरकार के गठन को लेकर जारी सियासी खींचतान फिलहाल थमती नजर नहीं आ रही है। गादी आइजेनकॉट की ‘यशर’ पार्टी और बेंजामिन नेतन्याहू की ‘लिकुड’ के बीच साझा
सरकार बनाने को लेकर हुई ताजा बातचीत बिना किसी ठोस नतीजे के खत्म हो गई है। हालांकि, दोनों पक्षों ने दरवाजे पूरी तरह बंद नहीं किए हैं और अगले चरण की बातचीत पर सहमति जताई है। रविवार को हर्जलिया के डैन अकाडिया होटल में दोनों दलों के प्रतिनिधियों के बीच चार घंटे से अधिक समय तक मैराथन चर्चा चली, लेकिन अहम मुद्दों पर पेंच फंसा रहा। बैठक में लिकुड की तरफ से सांसद ओफिर काट्ज और वकील माइकल राबिलो मौजूद थे, जबकि यशर का प्रतिनिधित्व सांसद चिली ट्रोपर और सलाहकार योआव होरोविट्ज ने किया।
पीएम पद और बेन-गवीर पर अटका पेंच
इजरायली मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस बैठक में संभावित एकता सरकार (यूनिटी गवर्नमेंट) के तहत नेतन्याहू और आइजेनकॉट के बीच प्रधानमंत्री पद के रोटेशन (बारी-बारी से कमान संभालने) को लेकर कोई बात नहीं हो सकी। सियासी गलियारों में इस
मुद्दे को सबसे बड़ी अड़चन माना जा रहा है। इसके बावजूद दोनों दल वीकेंड में दोबारा मिलने को राजी हुए हैं। असल खींचतान इस बात को लेकर है कि नई सरकार की कमान किसके हाथ में होगी और कट्टर दक्षिणपंथी नेता इतामार बेन-गवीर को इसमें जगह मिलेगी या नहीं। लिकुड चाहती है कि बेन-गवीर सरकार का हिस्सा बनें, लेकिन यशर उन्हें बाहर रखने की शर्त पर अड़ी हुई है।
आइजेनकॉट के सामने समय की चुनौती
अक्टूबर में हुए चुनावों के बाद राष्ट्रपति इसाक हर्जोग ने गादी आइजेनकॉट को सरकार बनाने का न्योता दिया था। उनके पास 6 दिसंबर तक का वक्त है, जिसे जरूरत पड़ने पर 14 दिन और बढ़ाया जा सकता है। फिलहाल आइजेनकॉट के लिए बहुमत का आंकड़ा छूना आसान नहीं दिख रहा है। दूसरी ओर, कार्यवाहक प्रधानमंत्री नेतन्याहू एकता सरकार पर जोर दे रहे हैं और उनका तर्क है कि अरब दलों के समर्थन के बिना सरकार बनाने का यही रास्ता बचता है। इस बीच पूर्व प्रधानमंत्री नफ्ताली बेनेट (टुगेदर पार्टी) ने एक चार-दलीय फॉर्मूला सामने रखा है, जिसमें टुगेदर, यशर, लिकुड और अविग्डोर लिबरमैन की ‘यिसराएल बेइतेनु’ शामिल हों। इस प्रस्ताव के तहत पहले आइजेनकॉट प्रधानमंत्री बनें और बाद में नेतन्याहू उनकी जगह लें। हालांकि, नेतन्याहू पहले खुद प्रधानमंत्री बनने पर जोर दे रहे हैं, जबकि लिबरमैन ने नेतन्याहू के साथ किसी भी सरकार में जाने से साफ मना कर दिया है। इससे समीकरण और उलझ गए हैं।
एक नजर: इजरायल में क्यों फंसी है सरकार?
बहुमत से दूर गठबंधन: 120 सीटों वाली नेसेट (संसद) के लिए 27 अक्टूबर को हुए चुनाव में किसी भी खेमे को बहुमत के लिए जरूरी 61 सीटें नहीं मिल सकीं। नेतन्याहू के सत्तारूढ़ गठबंधन को 53 और आइजेनकॉट के गठबंधन को 48 सीटें मिली हैं।
अरब दलों की भूमिका: चुनाव में अरब पार्टियों—जॉइंट लिस्ट और राआम—ने कुल 19 सीटें जीती हैं, लेकिन मुख्य यहूदी दल उनसे समर्थन लेने से परहेज कर रहे हैं।
डेडलाइन और आगे की राह: राष्ट्रपति हर्जोग द्वारा आइजेनकॉट को दी गई समयसीमा दिसंबर के पहले सप्ताह में पूरी हो रही है। यदि वे बहुमत नहीं जुटा पाते हैं, तो राष्ट्रपति किसी दूसरे उम्मीदवार को मौका दे सकते हैं, जिसके पास सरकार बनाने के लिए 28 दिन (20 जनवरी 2027 तक) का समय होगा।
दोबारा चुनाव का खतरा: यदि तमाम कोशिशों के बावजूद सरकार नहीं बन पाती है, तो नेसेट भंग हो जाएगी और मई 2027 में नए चुनाव कराने की नौबत आ सकती है।