Peru Earthquake: दक्षिण अमेरिकी देश पेरू एक बार फिर धरती की तेज कंपन से दहल उठा है। शुक्रवार शाम को यहाँ 6.8 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया, जिसके झटकों ने राजधानी लीमा तक के लोगों को सहमा दिया। शाम के वक्त अचानक धरती हिलने से घबराए लोग आनन-फानन में अपने घरों और दफ्तरों से निकलकर सड़कों और खुले मैदानों की ओर भागे। स्थानीय टीवी चैनलों पर प्रसारित तस्वीरों में राजधानी लीमा में सांसदों को भी घबराहट के बीच कांग्रेस भवन से बाहर निकलते देखा गया। पेरू के जियोफिजिक्स इंस्टीट्यूट ने बताया कि भूकंप का केंद्र एंडियन क्षेत्र के जुनिन में जमीन से करीब 129 किलोमीटर की गहराई पर था। गहराई अधिक होने के कारण झटके काफी दूर तक महसूस किए गए।
सुनामी की आशंका से राहत, नुकसान की खबर नहीं
जर्मन रिसर्च सेंटर फॉर जियोसाइंसेज ने भूकंप की तीव्रता 6.8 मापी है, जबकि अमेरिकी जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) के मुताबिक यह 6.7 थी। राहत की बात यह है कि झटके तेज होने के बावजूद प्रशासन की ओर से अब तक किसी बड़े जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है। तटीय इलाकों के लिए भी कोई खतरा नहीं है। अमेरिका के राष्ट्रीय सुनामी चेतावनी केंद्र ने साफ कर दिया है कि इस भूकंप की वजह से कैलिफोर्निया, ओरेगन, वॉशिंगटन, ब्रिटिश कोलंबिया या अलास्का के तटों पर सुनामी की कोई आशंका नहीं है।
क्यों बार-बार कांपती है पेरू की धरती?
भौगोलिक रूप से पेरू बेहद संवेदनशील इलाके में बसा है। यह देश प्रशांत महासागर के चर्चित 'रिंग ऑफ फायर' क्षेत्र का हिस्सा है। करीब 40,000 किलोमीटर के दायरे में फैली यह बेल्ट ज्वालामुखियों और टेक्टोनिक फॉल्ट लाइनों से भरी पड़ी है। दुनिया के सबसे विनाशकारी भूकंप इसी क्षेत्र में आते हैं, क्योंकि यहाँ धरती के नीचे की टेक्टोनिक प्लेटें लगातार आपस में टकराती और खिसकती रहती हैं।
छह महीने में तीसरी बड़ी दहशत
पेरू के लोगों के लिए यह साल भूकंप के लिहाज से काफी डरावना रहा है। जुलाई के बाद से यह तीसरा मौका है जब देश में इतने तेज झटके महसूस किए गए हैं:
अगस्त: पेरू के एंडीज क्षेत्र में 6.7 तीव्रता का भूकंप आया था। उस घटना में दो लोग घायल हुए थे और कई घरों, स्कूलों व स्वास्थ्य केंद्रों की इमारतों में दरारें आ गई थीं।
जुलाई: इससे ठीक एक महीने पहले जुनिन क्षेत्र में ही 5.5 तीव्रता के भूकंप ने तबाही मचाई थी, जिसमें 6 लोगों की जान चली गई थी और करीब 30 लोग जख्मी हुए थे।












