Dhar News: मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में शनिवार सुबह आए भूकंप ने आसपास के इलाकों में भी हलचल मचा दी। सुबह करीब 9 बजकर 15 मिनट पर धरती में अचानक कंपन महसूस हुआ। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 4.5 दर्ज की गई। इसका असर धार जिले के नर्मदा तटीय क्षेत्रों तक देखने को मिला। अचानक घरों की खिड़कियां, दरवाजे और अन्य सामान हिलने लगे तो लोग घबरा गए। कई लोग किसी अनहोनी की आशंका में अपने घरों से बाहर निकल आए।
अचानक हिलने लगी खिड़कियां, लोग बोले ये क्या हाे रहा है
धरमपुरी नगर में भूकंप के झटके महसूस करने वाले व्यापारी राकेश कुमरावत ने सुबह का अपना अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि वह सुबह बिस्तर पर बैठकर अखबार पढ़ रहे थे। इसी दौरान अचानक मोबाइल का चार्जर वाइब्रेट करने लगा और खिड़की भी हिलने लगी। शुरुआत में उन्हें कुछ समझ नहीं आया, लेकिन जब कुछ सेकंड तक कंपन जारी रहा तो भूकंप का अहसास हुआ। उनके मुताबिक, करीब 10 सेकंड तक धरती में कंपन महसूस किया गया।
बच्चे स्कूल के लिए हो रहे थे तैयार, तभी कांपी धरती
स्थानीय युवक तोसिफ शेख ने भी सुबह आए भूकंप के झटकों का अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि सुबह लगभग सवा नौ बजे वह बिस्तर पर लेटे हुए थे और घर में बच्चे स्कूल जाने की तैयारी कर रहे थे। तभी अचानक धरती हिलने लगी। कुछ समय के लिए घर के भीतर कंपन महसूस हुआ। उनके अनुसार, यह झटका करीब 5 से 7 सेकंड तक रहा। कंपन रुकने के बाद जब लोग घरों से बाहर निकले तो आसपास भी इसी घटना की चर्चा हो रही थी। लोगों ने एक-दूसरे से जानकारी साझा की और भूकंप के झटकों को लेकर काफी देर तक बातचीत होती रही।
जमीन से 10 किलोमीटर नीचे था भूकंप का केंद्र
जानकारी के मुताबिक, भूकंप का केंद्र खरगोन जिले में जमीन से लगभग 10 किलोमीटर की गहराई पर था। इसकी तीव्रता 4.5 मापी गई। भूकंप के झटके केवल खरगोन तक सीमित नहीं रहे, बल्कि खंडवा, बुरहानपुर, सेंधवा और धार जिले के कई इलाकों में भी महसूस किए गए। कम गहराई पर केंद्र होने के कारण आसपास के क्षेत्रों में धरती का कंपन महसूस किया गया। हालांकि, अलग-अलग स्थानों पर लोगों ने झटकों की अवधि और तीव्रता को अलग-अलग तरीके से अनुभव किया।
फिलहाल जान-माल के नुकसान की खबर नहीं
सुबह-सुबह आए भूकंप से कुछ देर के लिए लोगों में भय का माहौल जरूर बन गया, लेकिन राहत की बात यह रही कि फिलहाल किसी भी क्षेत्र से जान-माल के नुकसान की सूचना सामने नहीं आई है। न ही किसी बड़े हादसे की खबर मिली है। भूकंप के झटकों के बाद लोग अपने घरों और आसपास की स्थिति का जायजा लेते नजर आए। अचानक हुए इस कंपन ने एक बार फिर नर्मदा तटीय क्षेत्रों के लोगों को प्राकृतिक आपदाओं के प्रति सतर्क रहने की याद दिला दी।












