PM Modi FICCI Meeting: नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में गुरुवार सुबह करीब 11 बजे फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (FICCI) की वार्षिक आम बैठक और सम्मेलन का विधिवत उद्घाटन हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस कार्यक्रम में पहुंचे और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों को संबोधित किया। गौरतलब है कि 2026-27 का वर्ष FICCI के लिए खास है, क्योंकि 7 अप्रैल 2027 को यह संस्था अपने गौरवशाली 100 वर्ष पूरे करने जा रही है। इसी शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में यह विशेष आयोजन रखा गया। अपने संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने उद्योगपतियों से सीधा संवाद करते हुए कहा कि मौजूदा सरकार पिछली सरकारों से अलग है और एक ‘मित्र सरकार’ के रूप में काम करती है, जो दोस्ती की अहमियत समझती है। उन्होंने उद्योग जगत का आह्वान करते हुए कहा कि यदि वे सचमुच उन्हें अपना मित्र मानते हैं, तो बिना किसी संकोच के लिखकर भेजें कि अर्थव्यवस्था और कारोबार को और बेहतर बनाने के लिए किन नए सुधारों की आवश्यकता है।
‘एक्सपोर्ट क्वालिटी’ वाली मानसिकता पर चोट
कार्यक्रम में पीएम मोदी ने घरेलू बाजार और उत्पादों की गुणवत्ता को लेकर उद्योग जगत की सोच में बदलाव लाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि देश का विशाल घरेलू बाजार उद्योगों के लिए एक ‘कंफर्ट जोन’ नहीं बनना चाहिए, बल्कि इसे वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने की ताकत और आत्मविश्वास का जरिया बनना चाहिए। उन्होंने उद्योगपतियों को सलाह दी कि वे दुनिया भर के ग्राहकों की जरूरतों को समझें, अंतरराष्ट्रीय मानकों पर खरे उतरें और मजबूत डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क तैयार करने में निवेश बढ़ाएं। पीएम मोदी ने कहा कि 140 करोड़ की आबादी को केवल एक ऐसा तैयार बाजार नहीं मानना चाहिए जहां कोई भी सामान आसानी से खप जाए। उन्होंने एक आम उदाहरण का जिक्र करते हुए कहा कि आज भी कई दुकानदार या विक्रेता यह भरोसा दिलाने के लिए कि चीज अच्छी है, कहते हैं कि ‘यह एक्सपोर्ट क्वालिटी का है’। इस पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि आखिर देशवासियों के प्रति यह नजरिया क्यों है? क्या भारत के नागरिक बेहतरीन गुणवत्ता के हकदार नहीं हैं? यह सोच बदलने की जरूरत है, क्योंकि मेरे देशवासी सबसे अच्छी क्वालिटी पाने का अधिकार रखते हैं।
जब पीएम ने आयकर विभाग से पूछा था तीखा सवाल
अपने भाषण में प्रधानमंत्री ने कहा कि कोई भी राष्ट्र तभी तरक्की कर सकता है जब वह अपने किसानों, छोटे कारोबारियों, उद्योग जगत, वेल्थ क्रिएटर्स और करदाताओं को सम्मान दे, न कि हर वक्त उन पर संदेह करे या उन्हें कोसता रहे। इसी क्रम में उन्होंने 2001-02 के दौर का एक किस्सा भी साझा किया। पीएम मोदी ने बताया कि उस समय वे गुजरात के नए-नए मुख्यमंत्री बने थे। आयकर विभाग के एक कार्यक्रम में उन्होंने अधिकारियों से सीधा सवाल किया था कि आखिर कब तक हर किसी को संदिग्ध या चोर की नजर से देखना जारी रहेगा। उन्होंने कहा था कि करदाता भी देश के निर्माण में योगदान देते हैं और हर व्यक्ति सम्मान का हकदार है।
100 साल का सफर और बदलती आर्थिक तस्वीर
अर्थव्यवस्था की मौजूदा रफ्तार का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भारत आज दुनिया की सबसे तेजी से आगे बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और इसके करीब 7% की दर से बढ़ने का अनुमान लगाया गया है। उन्होंने बताया कि अक्टूबर महीने में भारत का वस्तु निर्यात लगभग 50 अरब डॉलर के स्तर पर पहुंचा है, जो एक महीने के लिहाज से अब तक का सबसे ऊंचा आंकड़ा है। इसके अलावा उन्होंने विश्व बैंक की हालिया रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि बीते 12-13 वर्षों में करीब 50 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर निकलने में सफल रहे हैं। सदी भर के आर्थिक उतार-चढ़ाव को याद करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि बीते सौ वर्षों में भारतीय अर्थव्यवस्था ने कई दौर देखे हैं। एक दौर ‘लाइसेंस-कोटा राज’ का था, राष्ट्रीयकरण के प्रयोग भी देखे गए और 21वीं सदी में एक ऐसा वक्त भी आया जब भारत को ‘फ्रैजाइल फाइव’ यानी कमजोर पांच अर्थव्यवस्थाओं में गिना जाता था। पीएम मोदी के मुताबिक, पिछले 12 वर्षों में युवाओं, किसानों, कामगारों और उद्योग जगत के साझा प्रयासों से इस तस्वीर को बदलने का काम हुआ है।












