Infrastructure Development: 145 कामों के लिए 38.89 करोड़ मंजूर, विधायक निधि से भी 67 लाख की सौगात
Infrastructure Development: बिलासपुर नगर निगम को 145 विकास कार्यों के लिए 38.89 करोड़ रुपये की मंजूरी मिली है। वहीं विधायक अमर अग्रवाल की विधायक निधि से पांच कार्यों के लिए 67 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
Infrastructure Development: शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और वार्डों की तस्वीर बदलने के लिए राज्य सरकार ने अपना खजाना खोल दिया है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए नगर निगम बिलासपुर को अधोसंरचना मद से 38 करोड़ 89 लाख 47 हजार रुपये की अंतिम मंजूरी दे दी है। इस बजट से शहर के अलग-अलग वार्डों में कुल
145 विकास कार्य कराए जाएंगे। दूसरी ओर, स्थानीय विधायक अमर अग्रवाल की पहल पर विधानसभा क्षेत्र के लिए विधायक निधि (2026-27) से भी 67 लाख रुपये के पांच बड़े कार्यों को हरी झंडी मिली है। इन दोनों मंजूरियों के बाद अब शहरवासियों को जर्जर भवनों से मुक्ति, नए सामुदायिक भवन और गर्मियों से पहले बेहतर पेयजल व्यवस्था जैसी सीधी सुविधाएं मिल सकेंगी।
विधायक निधि से इन 5 इलाकों की बदलेगी तस्वीर:
शंकर नगर (वार्ड 44): ईशिता पार्क के पास एक नए सामुदायिक भवन का निर्माण होगा, जिसके लिए सबसे ज्यादा 25 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
वार्ड क्रमांक 26: भोयरा मरार पटेल समाज के सामुदायिक भवन के तीसरे माले पर एक बड़ा हॉल और दो कमरे बनेंगे। इसके लिए 15 लाख रुपये दिए गए हैं।
पानी की किल्लत होगी दूर: निगम के जोन 3, 4, 5, 6 और 8 में पेयजल सप्लाई को दुरुस्त रखने के लिए नए वाटर टैंकर खरीदे जाएंगे। इस पर 15 लाख रुपये खर्च होंगे।
गीतांजलि विहार (वार्ड 1): शिव मंदिर के पास शेड और अन्य जरूरी निर्माण कार्यों के लिए 7 लाख रुपये की राशि तय की गई है।
सरकंडा लोधीपारा (वार्ड 67): यहां के पुराने और जर्जर हो चुके सामुदायिक भवन का नए सिरे से जीर्णोद्धार होगा, जिसके लिए 5 लाख रुपये मंजूर हुए हैं।
हर वार्ड तक सुविधाएं पहुंचाना हमारी प्राथमिकता: अमर अग्रवाल
बजट की इस मंजूरी पर विधायक अमर अग्रवाल ने खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि बिलासपुर के हर कोने और हर वार्ड में मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना ही उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। अधोसंरचना मद से मिली इस बड़ी राशि से रुके हुए कामों में तेजी आएगी और
शहर के विकास को एक नई दिशा मिलेगी। उन्होंने शहरवासियों को भरोसा दिलाया कि लोगों की उम्मीदों के मुताबिक बिलासपुर को संवारने का यह सिलसिला आगे भी लगातार जारी रहेगा।