Instagram New Feature: यूजर्स के प्रोफाइल एक्सपीरियंस को बेहतर बनाने के लिए एक नया फीचर जारी किया है। मेटा के स्वामित्व वाले इस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ने दुनियाभर में यह अपडेट रोल आउट करना शुरू कर दिया है। इस फीचर की मदद से यूजर्स अब उन फोटो और वीडियो को अपनी मेन प्रोफाइल ग्रिड में दिखा सकेंगे, जिनमें उन्हें टैग किया गया है। पहले Instagram प्रोफाइल पर यूजर द्वारा शेयर की गई पोस्ट और दूसरे लोगों द्वारा टैग की गई पोस्ट अलग-अलग दिखाई देती थीं।
टैग की गई तस्वीरें और वीडियो केवल एक अलग टैब में उपलब्ध होते थे। नए अपडेट के बाद यूजर्स अपनी पसंद की टैग्ड पोस्ट को सीधे मुख्य प्रोफाइल लेआउट में शामिल कर सकेंगे। यह फीचर खासतौर पर उन लोगों के लिए उपयोगी होगा जो कोलैबोरेशन पोस्ट, दोस्तों के साथ शेयर की गई तस्वीरें या किसी खास इवेंट की यादों को अपनी प्रोफाइल पर प्रमुखता से दिखाना चाहते हैं। इससे यूजर्स को अपनी प्रोफाइल को अपनी पसंद के अनुसार मैनेज करने का ज्यादा नियंत्रण मिलेगा।
टैग की गई पोस्ट को मेन प्रोफाइल ग्रिड में कैसे जोड़ें?
Instagram पर टैग्ड पोस्ट को मुख्य प्रोफाइल ग्रिड में जोड़ने के लिए यूजर्स इन तरीकों का इस्तेमाल कर सकते हैं:
- डायरेक्ट मैसेज नोटिफिकेशन से:
जब कोई आपको किसी पोस्ट में टैग करता है, तो मिलने वाले टैग नोटिफिकेशन से सीधे उस पोस्ट को मेन प्रोफाइल ग्रिड में शामिल करने का विकल्प मिलेगा।
- पोस्ट के ऑप्शन मेन्यू से:
जिस पोस्ट में आपको टैग किया गया है, उसके थ्री-डॉट मेन्यू पर जाकर उसे अपनी प्रोफाइल ग्रिड में जोड़ सकते हैं।
- टैग्ड टैब से:
अपनी प्रोफाइल के टैग्ड सेक्शन में जाकर किसी पोस्ट को प्रेस और होल्ड करने के बाद उसे मुख्य ग्रिड में शामिल किया जा सकता है।
टैग्ड पोस्ट का ऑर्डर कैसे रहेगा?
मेन प्रोफाइल ग्रिड में जोड़ी गई टैग्ड पोस्ट सामान्य रूप से रिवर्स-क्रोनोलॉजिकल ऑर्डर में दिखाई देंगी। यानी पोस्ट उसी क्रम में दिखेगी जिस तारीख को वह मूल रूप से Instagram पर अपलोड की गई थी।
अगर यूजर अपने प्रोफाइल ग्रिड को अलग तरीके से व्यवस्थित नहीं करते हैं, तो यही डिफॉल्ट ऑर्डर बना रहेगा।
पोस्ट हटाने पर नहीं होगी डिलीट
Instagram ने इस फीचर में मैनेजमेंट का विकल्प भी दिया है। अगर कोई यूजर बाद में किसी टैग्ड पोस्ट को अपनी मेन प्रोफाइल ग्रिड से हटाना चाहता है, तो वह ऐसा कर सकता है। ग्रिड से हटाने पर वह पोस्ट डिलीट नहीं होगी। ओरिजिनल क्रिएटर की पोस्ट सुरक्षित रहेगी और वह यूजर के टैग्ड सेक्शन में भी उपलब्ध रहेगी। इस नए अपडेट के जरिए Instagram यूजर्स को अपनी प्रोफाइल को ज्यादा पर्सनल और आकर्षक बनाने का एक नया तरीका मिल गया है।

